प्रेमी ऑनलाइन गेम में हारा रुपये तो प्रेमिका ने रची अपहरण की साजिश:प्रेमी का कर्ज उतारने अपने परिवार से 10 लाख फिरौती मंगवाया…

भागलपुर।ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद प्रेमी और प्रेमिका ने मिलकर ऐसी साजिश रची की पुलिस 4 दिनों तक दौड़ती रही। प्रेमी की मदद के लिए प्रेमिका ने खुद के अपहरण की साजिश रची। अपने घर वालों से 10 लाख की फिरौती की मांग करवा डाली। घर वालों ने पुलिस की मदद ली, उसके बाद पूरे खेल से पर्दा हटा।

इश्क, अपहरण और फिरौती की पूरी कहानी…

दअरसल,नवगछिया थाना के बाजार के वार्ड नंबर 19 के रहने वाले अशोक रजक ने 20 जनवरी को नवगछिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी भांजी नेहा कुमारी सुबह 10 बजे बनारसी लाल कॉलेज के लिए निकली थी, वो शाम 7 बजे तक घर नहीं लौटी।कॉलेज और कोचिंग से भी नेहा के बारे में जानकारी नहीं मिली। अचानक 21 जनवरी को नेहा के मोबाइल से मामा के नंबर पर फोन आता है। उधर से कहा जाता है कि नेहा उनके कब्जे में है। 10 लाख की फिरौती देने पर उसे छोड़ दिया जाएगा। पुलिस से दूर रहने की धमकी भी दी गई।

अपरहण की घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने तत्काल एक टीम बनाई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और परिवार की दी गई जानकारी पर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि अपहरणकर्ता लड़की को लेकर भागलपुर में लेकर छिपे हैं।

पुलिस ने भागलपुर के एक लॉज से लड़की को बरामद किया। साथ ही अपहरण करने वाले तीन लड़कों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तीनों युवक नवगछिया के श्रीपुर के रहने वाले हैं। आयुष कुमार, गौरव कुमार और तीसरा नाबालिग है।

कॉलेज में हुआ था प्यार

पूछताछ में नेहा कुमारी ने पुलिस को बताया कि वो बनारसी लाल सर्राफ कॉलेज में बीए पार्ट 1 की छात्रा है। वो पिछले साल 14 दिसंबर को एडमिशन के लिए कॉलेज गई थी। कॉलेज में ही आशीष कुमार से संपर्क हुआ और जिसके बाद दोनों ने एक दूसरे से इंस्टाग्राम आईडी को साझा किया और धीरे-धीरे प्यार परवान चढ़ने लगा।पुलिस के पूछताछ में आशीष कुमार और गिरफ्तार किए गए आशीष के दोनों दोस्तों ने बताया कि आशीष ऑनलाइन गेमिंग में पैसे लगाता था। इसमें उसको 40 हजार रुपए का नुकसान हो गया था।इसके कारण से वो बहुत परेशान रहने लगा, जिसके बाद आशीष के दो दोस्तों आयुष और गौरव में उसको सलाह दी कि वो अपने प्रेमिका नेहा को सारा मामला बताए। आशीष ने भी यही किया और नेहा को पूरी बात बताई। इसके बाद नेहा ने खुद के अपहरण की प्लानिंग की।

20 को प्रेमी के साथ भागलपुर पहुंची

नेहा घर से कॉलेज जाने के बहाना कर अपने प्रेमी आशीष के साथ भागलपुर चली गई। आशीष के दोस्त आयुष के प्रेमिका के लॉज में जाकर छिप गई और वहीं से अपने मोबाइल से अपने नाना अशोक रजक को फोन किया और अपने प्रेमी आशीष से बात कराई।आशीष ने नेहा को छोड़ने के एवज में 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग की। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर नेहा आशीष के दोस्त आयुष के प्रेमिका के लॉज से बरामद लिया है।

नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने कहा लड़के को ऑनलाइन गेम खेलने की लत है। इसमें उसका 40 हजार रुपए डूब गया था। इस वजह से वो काफी दबाव में था। इसके बाद लड़की के साथ मिलकर अपहरण की प्लानिंग की।