ट्रक और कार में टक्कर,माँ का जन्मदिन मना कर दोस्त के साथ राँची आ रहे बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत

राँची।झारखण्ड के रामगढ़-बोकारो मार्ग के संधवय घाटी के समीप ऑल्टो कार व ट्रक के बीच हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान बोकारो सेक्टर-2 के अमन सिंह (20 वर्ष) पिता मनोज सिंह के रूप में की गयी है।बताया जाता है कि रविवार रात में अमन अपनी माँ का जन्मदिन मना कर ऑल्टो कार (जेएच09एल-1807) से बोकोरो से अपने दोस्त आकाश के साथ राँची आ रहा था।इस बीच इसकी कार की टक्कर ट्रक (डब्लूबी39-7897) से हो गयी। जिससे अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। कार के परखच्चे उड़ गये, लेकिन इसके दोस्त को खरोंच तक नहीं आयी।गंभीर स्थिति में उसे रामगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां उसकी मौत हो गयी।सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को पुलिस ने सौंप दिया है।

मृतक मूल रूप से बिहार (गया) का रहने वाला था।इसके पिता मनोज सिंह बोकारो स्टील प्लांट में नौकरी करते हैं। इसकी मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।अमन अपनी माँ का जन्मदिन मनाने के बाद अपने नाना व नानी को बोकारो से उन्हें छोड़ने के लिए चीरा चास गया था। इसके बाद वह अपने घर में बिना बताये अपने दोस्त आकाश के साथ राँची जा रहा था। इस बीच यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि अमन भोपाल में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करता था।