दंतेवाड़ा में आठ इनामी नक्सली सहित दस नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष किया सरेंडर

दंतेवाड़ा।छतीसगढ़ के दंतेवाड़ा में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।मंगलवार को 10 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष समर्पण किया है। इनमें आठ नक्सली इनामी हैं,जो पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान कवरेज करने आए दूरदर्शन कैमरामैन और पुलिस के जवानों की हत्या में शामिल थे।

पुलिस के द्वारा जिले में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान का असर दिखने लगा है।दंतेवाड़ा के कई गांव के लोग, जो नक्सली संगठन में सक्रिय हैं, उन्हें आत्मसमर्पण कर सम्मान पूर्वक जीवन यापन करने के लिए लोन वर्राटू अभियान (घर वापस आईये) चलाया जा रहा है। थाना, कैम्पों और ग्राम पंचायतों में संबधित क्षेत्र के सक्रिय माओवादियों के नाम चस्पा कर उनसे घर वापसी की अपील कर रहे हैं।

पुलिस उप महानिरीक्षक कमलोचन कश्यप दन्तेवाड़ा रेंज तथा पुलिस अधीक्षक दन्तेवाड़ा सिद्धार्थ तिवारी के सामने नक्सली संगठन में सक्रिय नक्सलियों ने समर्पण किया। इनमें लांगेर एरिया कमेटी के बुरगुम पंचायत मिलिशिया प्लाटून कमाण्डर बण्डी उर्फ कोल्ला मड़काम,नीलावाया पंचायत मिलिशिया सदस्य सोना मड़काम, हेमन्त कवासी, दुड़वा कोर्राम, मासा मण्डावी, लखमा मण्डावी, नंदा माड़वी, देवा उर्फ दीपक कश्यप, मासा माड़वी और बुधरा कश्यप ने पुलिस के सामने सरेंडर किया है।

बताया जाता है कि दंतेवाड़ा में नक्सलियों संगठन के खोखली विचारधारा से नक्सलियों का ही मोह भंग होने लगा है। लोन वर्राटू अभियान और छत्तीसगढ़ शासन के पुनर्वास योजना से प्रभावित होकर नक्सली अब समाज की मुख्यधारा से जुड़ने लगे हैं।सरेंडर करने के दौरान उप पुलिस महानिरीक्षक कमलोचन कश्यप दन्तेवाड़ा रेंज, उप पुलिस महानिरीक्षक सीआरपीएफ विनय कुमार सिंह, एसपी सिद्धार्थ तिवारी , एएसपी रामकुमार बर्मन एवं उप पुलिस अधीक्षक कमलजीत पाटले मौजूद थे।

अब तक 578 नक्सलियों का समर्पण

आत्मसर्पण कराने मे सूचना शाखा (आरएफटी) सीआरपीएफ दंतेवाड़ा का विशेष योगदान रहा है।लोन वर्राटू अभियान के तहत् अब तक 145 इनामी नक्सली सहित कुल 578 नक्सलियों ने सरेंडर किया है।