जंगल से डरा सहमा हिरण घायल अवस्था में पहुंचा गांव, वन विभाग की टीम के पहुँचने से पहले हो गई मौत…
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिला में मुरहू प्रखंड क्षेत्र के गानलोया पंचायत के बिरमकेल गांव में घायल अवस्था में एक हिरण को लोगों के द्वारा पकड़ा गया। जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गयी लेकिन घायल हिरण की मौत हो गई।हिरण के शव को वन विभाग की टीम ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर दफना दिया है।ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार एक हिरण भटककर बिरमकेल निवासी अमित मांझी के खेत में घुस गया था। दूर से भागकर पहुंचा हिरण घबराया हुआ था जिसे पकड़कर बांध दिया गया और वन विभाग को सूचित किया गया।वनरक्षी अजय कुमार मौके पर पहुंचे तबतक हिरण की मौत हो चुकी थी।वनरक्षी अजय कुमार ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि हिरण घबराई हुई वहां पहुंची थी। संभवतः किसी के द्वारा उसका शिकार का प्रयास किया जा रहा हो।हालांकि वन विभाग ने बताया कि इससे पूर्व भी इलाके में एक हिरण को बरामद किया गया था और उस इलाके के जंगलों में हिरण की मौजूदगी है।उन्होंने बताया कि हिरण के शव को कब्जे में लेकर पशु चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया गया है। इसके बाद इस मामले की जांच की जा रही है हिरण के शव को दफना दिया गया है।

