Ranchi:नए साल के पहले दिन जगन्नाथपुर मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी,सैकड़ों श्रद्धालुओं ने देर शाम तक प्रभु जगन्नाथ जी की पूजा अर्चना की

राँची।नए साल के पहले दिन जगन्नाथपुर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।आज शनिवार को सुख, शांति,संपत्ति, सफलता, समृद्धि, साधना,संस्कार और स्वास्थ्य की कामना लेकर अहले सुबह से ही जगन्नाथपुर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। लोग प्रातः काल से ही प्रभु जगन्नाथ के दर्शन के लिए आतुर दिखे। भक्तों ने लंबी लंबी कतारों में प्रभु के दर्शन के लिए घंटों इंतजार किया। अंग्रेजी नववर्ष के अवसर पर ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में श्रद्धालुओं की अपार उपस्थिति देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने नववर्ष में जगन्नाथ महाप्रभु से राज्य की मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने देश, राज्य व मानव कल्याण के लिए प्रभु जगन्नाथ से याचना की। श्रद्धालुओं को समिति द्वारा हैंड सेनीटाइजर, मास्क और दो गज की दूरी का पालन कराया। समिति द्वारा बीच-बीच में घोषणा कर लोगों को महामारी के प्रति सचेत किया गया।मंदिर के पुजारियों द्वारा प्रातः 5 बजे से श्री विग्रहों का शृंगार किया गया। प्रातः 6 बजे महाप्रभु की आरती उतारी गई। तत्पश्चात प्रभु को बाल भोग में सूजी, फल, नारियल, मिठाईयों का प्रसाद अर्पण किया गया। 6:15 श्री जगन्नाथ अष्टकम का पाठ किया गया। समस्त पूजन कार्यक्रम मंदिर के वरिष्ठ पुजारी रामेश्वर पाढ़ी द्वारा संपन्न कराया गया।

अंत में बच्चों के बीच प्रातः 6:30 बजे सूजी प्रसाद का वितरण किया गया। दिन के 12:00 बजे महाप्रभु को भात, दाल, तस्मई, सब्जी का महाप्रसाद का भोग अर्पण किया गया। इसके उपरांत प्रतिदिन की भांति महाप्रभु का कपाट बंद कर दिया गया।उसके बाद अपराह्न 3:00 बजे सर्व दर्शन के लिए पट खोले गए। कपूर आरती के उपरांत संध्या 7:30 बजे तक श्रद्धालु महाप्रभु का दर्शन करते रहे। इसके उपरांत मंदिर का पट बंद हो गया। ज्ञात हो कि अंग्रेजी नववर्ष में ऐसा होता है ऐसी बात नहीं है यह कार्यक्रम वर्षो पूर्व से चली आ रही हैं। समस्त कार्यक्रम सरकार द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के तहत पूरा किया गया। कार्यक्रम में न्यास समिति के अध्यक्ष रतन कुमार, उपाध्यक्ष राम सिंह, ठाकुर नवीन नाथ शाहदेव, रमन कुमार झा, सचिव रणेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार, उप कोषाध्यक्ष विजय शंकर झा, सदस्य डॉ सुभाष तेतरवे, विनोद सिन्हा, राजीव रंजन मिश्रा, डॉ संजीत कुमार, अनिल कुमार मिश्रा सहित कई लोगों की सहभागिता रही। आप सुरक्षित रहें यही कामना के साथ जय जय जगन्नाथ।


ये जानकारी ठाकुर नवीन नाथ शाहदेव प्रथम सेवक सह उपाध्यक्ष जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति धुर्वा की ओर से दी गई है।