Ranchi:15-18 वर्ष आयु वर्ग के कोविड-19 टीकाकरण को लेकर बैठक,3 जनवरी से इन स्कूलों में होगी टीकाकरण की शुरूआत

राँची। 03 जनवरी 2022 से शुरू होने वाले 15-18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के कोविड-19 टीकाकरण को लेकर जिला प्रशासन राँची द्वारा तैयारियां तेज हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 01 जनवरी 2022 को शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल के साथ जिला स्तर पर गठित वैक्सीनेशन सेल की बैठक हुई।

बैठक के दौरान अपर समाहर्त्ता (नक्सल), राँची श्री रामवृक्ष महतो, सामान्य शाखा प्रभारी श्री संजय प्रसाद, डीआरसीएचओ श्री शशि भूषण खलखो और डॉ अनूब ने स्कूलों के प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल से टीकाकरण से संबंधित तैयारियों पर विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक जानकारियां साझा की।

तकनीकी पहलुओं की दी गई जानकारी

बैठक में विभिन्न स्कूल के प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल को 15-18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के कोविड-19 टीकाकरण की शुरुआत को लेकर अपर समाहर्त्ता (नक्सल) द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। डीआरएसीएचओ श्री शशि भूषण खलखो और डॉक्टर अनूब ने सभी को टीकाकरण से संबंधित तकनीकी पहलुओं के बारे में जानकारी दी। सभी को शीघ्र से शीघ्र स्कूलों में 15-18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सामान्य शाखा प्रभारी श्री संजय प्रसाद ने स्कूलों के प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल से कहा कि 15-18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के शत प्रतिशत टीकाकरण को लेकर वो अपने स्तर से भी अभिभावकों और बच्चों को जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास करें, विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप एवं अन्य माध्यम से उन्हें जानकारी दें।

03 जनवरी 2022 को निम्न स्कूलों में होगा कोविड-19 टीकाकरण

  1. डीएवी हेहल।
  2. मारवाड़ी स्कूल।
  3. जिला स्कूल।
  4. गौरी दत्त मंडेलिया स्कूल, रातू रोड।
  5. गवर्नमेंट +2 हाई स्कूल कांके।

04 जनवरी 2022 को निम्न स्कूलों में होगा कोविड-19 टीकाकरण

  1. गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल, बरियातू।
  2. एसएस +2 हाई स्कूल, डोरंडा।
  3. गुरु नानक स्कूल।