Ranchi:अरगोड़ा में बंद घर से 3.5 लाख कैश और भारी मात्रा में जेवरात सहित करीब 20-25 लाख की भीषण चोरी..

राँची। राजधानी राँची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए वहां से 3.5 लाख रुपये नगद (कैश) और भारी मात्रा में सोने व चांदी के पुश्तैनी जेवरात उड़ा लिए।चोरी गए कुल आभूषणों और कैश की अनुमानित कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपये आंकी जा रही है। इस संबंध में पीड़ित गोपाल कुम्भकार के लिखित आवेदन के आधार पर अरगोड़ा पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
रामगढ़ गया था परिवार, पीछे से चोरों ने काटा बालकनी का रास्ता
भुक्तभोगी गोपाल कुम्भकार किसी काम से राँची से रामगढ़ गए हुए थे। जब वह रात्रि करीब 11 बजे अरगोड़ा स्थित अपने घर वापस लौटे, तो घर के भीतर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। चोरों ने घर के पीछे की तरफ स्थित कॉर्नर रूम की बालकनी का दरवाजा खोलकर भीतर प्रवेश किया था। इसके बाद चोरों ने अलमीरा के लॉकर को कटर या किसी भारी औजार से तोड़ दिया और उसमें रखे कैश समेत सारे कीमती जेवरात समेट कर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित के अनुसार, चोरी गया 3.5 लाख रुपया नगद उन्हें हाल ही में एक जमीन की बिक्री से मिला था।
लॉकर से गायब हुए जेवरात की सूची काफी लंबी है। चोरों ने छोटे-मोटे गहनों के अलावा भारी आभूषणों पर हाथ साफ किया है।
सोने के आभूषण: 2 पीस सोने का नेकलेस (वजन 40 ग्राम और 15 ग्राम), सोने की चेन 4 पीस (12 ग्राम, 15 ग्राम, 5.50 ग्राम आदि), 8 सेट कान के टॉप्स/बालियां, 4 पीस सोने की नाक की पेंच (नथुनी), 1 पीस सोने का सिक्का (8 ग्राम), 3 पीस सोने की अंगूठी (5 ग्राम, 2 ग्राम, 2 ग्राम), 2 पीस मांगटीका, 1 लरी वाली नथिया, 1 पीस दुर्गा लॉकेट, 2 पीस हनुमान लॉकेट, जितिया ढोलना, मंगलसूत्र और 1 जोड़ा सोने का कंगन,चांदी के आभूषण व बर्तन: चांदी के बर्तनों का 5 पीस का एक सेट, 3 सेट अन्य चांदी के सामान और 6 जोड़ी चांदी की पायल औऱ 3,50,000 (साढ़े तीन लाख रुपये) कैश। शामिल है।

