मवेशी को बचाने में पलटी स्कूटी, पति-पत्नी की मौके पर गई जान

 

गुमला।आंजनधाम में भगवान हनुमान के दर्शन और पूजा-अर्चना कर घर लौट रहे एक दंपती की मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब घाटी की सड़क पर अचानक एक मवेशी सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सदर अस्पताल, गुमला पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के कुंदगढ़ी निवासी लक्ष्मी उरांव (38) और उनके पति गुरुदत्त उरांव (42) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, दोनों मंगलवार को आंजनधाम में पूजा-अर्चना करने गए थे। दर्शन के बाद घर लौटते समय यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव और परिवार में मातम पसर गया। दोनों अपने परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे और उनके असमय निधन से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घाटी की सड़क पर मवेशियों की आवाजाही रोकने, प्रवेश द्वार के पास स्पीड ब्रेकर (ठोकर) बनाने और स्थायी एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग दोहराई है।
आंजनधाम समिति के मुकेश कुमार ने कहा कि इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। यदि आंजनधाम के पास एंबुलेंस उपलब्ध रहे तो हादसे के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाकर कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

error: Content is protected !!