घरेलू कलह का खूनी अंजाम: चतरा में कीर्तन से लौटते ही पति ने डंडे से पीट-पीटकर पत्नी को उतारा मौत के घाट, टोला खाली

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ घरेलू विवाद के चलते एक हँसते-खेलते परिवार का खूनी अंत हो गया। कुंदा थाना क्षेत्र के सिकिदाग पंचायत अंतर्गत हरदियाटांड़ टोला में एक कलयुगी पति ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए अपनी ही पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान कैली देवी (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मंशू बैगा की पत्नी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी पति मौके से फरार है।

​टोला के स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम आरोपी मंशू बैगा गाँव में आयोजित एक हरिकीर्तन कार्यक्रम से वापस अपने घर लौटा था। घर पहुँचते ही किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आपसी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि मंशू गुस्से में अपना आपा खो बैठा। उसने घर में रखे डंडे को उठाया और अपनी पत्नी कैली देवी पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। वह तब तक उसे बेरहमी से पीटता रहा जब तक कि उसकी साँसें हमेशा के लिए थम नहीं गईं।

​जैसे ही ग्रामीणों को इस वीभत्स हत्याकांड की भनक लगी, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। डर और अफरा-तफरी का माहौल ऐसा बना कि घटना के बाद टोला के सभी बैगा-बिरहोर परिवार अपने-अपने घरों को छोड़कर मौके से फरार हो गए।

​स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचित किए जाने के बाद, कुंदा थाना के पुलिस पदाधिकारी दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुँचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतका के शव को अपने कब्जे में लिया और अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया।आज पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

​थाना प्रभारी प्रिन्स कुमार सिंह बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जाँच कर रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलते ही सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पति फिलहाल फरार है, लेकिन पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

​इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और लोग इस बात से हैरान हैं कि एक मामूली विवाद का अंत इस तरह की खूनी वारदात से होगा। पुलिस आरोपी की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

error: Content is protected !!