राँची में जॉब दिलाने का सपना दिखाकर ठगी, चुटिया में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी…

 

राँची।राजधानी राँची में बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चुटिया थाना क्षेत्र के घाट रोड स्थित केतारी बागान में एक मकान पर अचानक छापेमारी की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े तीन युवकों को हिरासत में लिया, जबकि मौके पर दो दर्जन से अधिक युवक मौजूद मिले, जिनसे पूछताछ की जा रही है।  

जानकारी के अनुसार, गिरोह बेरोजगार और गरीब युवाओं को आकर्षक नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर उनसे प्रति व्यक्ति 30-30 हजार रुपये वसूलता था। रकम लेने के बाद युवाओं को कथित “ट्रेनिंग” के नाम पर एक निजी कंपनी का सामान बेचने के लिए मजबूर किया जाता था। जब पीड़ित अपने पैसे वापस मांगते थे या नौकरी के बारे में सवाल करते थे, तो उनके साथ कथित तौर पर मारपीट, धमकी और डराने-धमकाने जैसी हरकतें की जाती थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सिटी डीएसपी केवी रमन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर, लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार, लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह समेत करीब एक दर्जन सब-इंस्पेक्टर, एएसआई और स्पेशल ब्रांच के पुलिस पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाकर ठगी का नेटवर्क चला रहा था। अब पुलिस जब्त दस्तावेजों, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और अब तक कितने युवाओं से ठगी की जा चुकी है।

गौरतलब है कि इसी गिरोह के खिलाफ 5 जुलाई 2025 को भी सीआईडी और नामकुम पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी। इसके बावजूद गिरोह ने अपना ठगी का धंधा बंद नहीं किया और कथित तौर पर नए तरीके से बेरोजगार युवाओं को अपने जाल में फंसाता रहा। अब एक बार फिर पुलिस की कार्रवाई ने इस पूरे नेटवर्क को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि किसी भी निजी संस्था या एजेंसी को नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी रकम देने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें। यदि कोई संस्था नौकरी के बदले पैसे मांगती है या संदिग्ध गतिविधियां करती है, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।

अब पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ के बाद इस ठगी नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।पुलिस गिरोह की सरगना की तलाश में जुटी है।वहीं मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है

error: Content is protected !!