चतरा:डैम में मिला ठेला चालक का शव, एक दिन पहले घर से निकले थे,जांच में जुटी है पुलिस..

चतरा।सदर थाना क्षेत्र के हेरु डैम से मंगलवार सुबह 52 वर्षीय रंजीत साव का शव बरामद होने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।नगवां मुहल्ला निवासी रंजीत साव सोमवार सुबह रोजाना की तरह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका।
इधर,मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने हेरु डैम के पानी में एक शव तैरता हुआ देखा और इसकी सूचना तत्काल सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों तथा परिजनों की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला। बाद में शव की पहचान रंजीत साव के रूप में हुई।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। शव की पहचान होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे परिवार में मातम छा गया।
परिजनों के अनुसार, रंजीत साव ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार सुबह वह काम के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
सदर थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

