मछली बंटवारे को लेकर हुए विवाद में दो दोस्तों ने तीसरे दोस्त को डैम में दिया था धक्का;हत्या आरोपी दोनों दोस्त गिरफ्तार

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र में धर्मेंद्र राम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मछली बंटवारे को लेकर हुए विवाद में दो दोस्तों ने मिलकर अपने ही तीसरे दोस्त को देवगन डैम में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।मृतक की पहचान धर्मेंद्र राम के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपियों में अशोक पासवान और सुदेश भुईयां शामिल हैं। दोनों आरोपी देवगन गांव के रहने वाले हैं।
मछली बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद
छत्तरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना के दिन धर्मेंद्र राम अपने दोस्तों अशोक पासवान और सुदेश भुईयां के साथ मछली पकड़ने के लिए देवगन डैम गया था। तीनों ने डैम में जाल लगाया था। मछली पकड़ने के बाद उसके बंटवारे को लेकर धर्मेंद्र और दोनों आरोपियों के बीच विवाद हो गया।विवाद इतना बढ़ गया कि अशोक पासवान और सुदेश भुईयां ने मिलकर धर्मेंद्र राम को डैम में धक्का दे दिया। पानी में गिरने के बाद धर्मेंद्र डूब गया।
शव निकालने के बाद मौके से फरार हुए आरोपी
एसडीपीओ के मुताबिक, धर्मेंद्र को डैम में धक्का देने के बाद दोनों आरोपी कुछ देर बाद दोबारा डैम की ओर लौटे और उसकी तलाश की। इसी दौरान अशोक पासवान को धर्मेंद्र मिल गया। दोनों ने उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद दोनों आरोपी धर्मेंद्र के शव को मौके पर ही छोड़कर वहां से फरार हो गए।
देवगन डैम से 31 जुलाई को धर्मेंद्र राम का शव बरामद किया गया था। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए छत्तरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और जांच के दौरान दोनों आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में एसडीपीओ प्रशांत कुमार, छत्तरपुर थाना प्रभारी सौरव चौबे, सब इंस्पेक्टर धनंजय कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों की भूमिका रही।

