संगठित अपराध पर हजारीबाग पुलिस का बड़ा प्रहार: राहुल दुबे और प्रिंस खान गैंग के 4 गुर्गे गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए बड़कागांव और गिद्दी थाना क्षेत्रों से राहुल दुबे एवं प्रिंस खान गैंग के 04 सक्रिय सदस्यों को हथियार और बम के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस मुठभेड़ में गैंग का एक सदस्य घायल हुआ है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बड़कागांव) अमित आनंद (भा.पु.से.) के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने गुप्त सूचना के आधार पर प्रिंस खान गैंग के सक्रिय सदस्य अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। जांच में उसके मोबाइल के ‘Telegram App’ के जरिए गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके (K.S.S.) गिरोह तथा राहुल दुबे गैंग से जुड़े होने के प्रमाण मिले। कड़ाई से पूछताछ में उसने 25 जुलाई 2026 को बड़कागांव के 13 माइल स्थित ट्रांसपोर्ट रोड में गोलीबारी करने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से पर्चा छोड़ने की बात स्वीकार की।अंकित की निशानदेही पर गिरोह के अन्य दो सदस्यों, ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल और कुणाल कुमार पांडेय को गिरफ्तार किया गया। जब एसआईटी टीम अंकित को पिपराडीह-चंदौल सड़क किनारे बंद पड़े एक गैस प्लांट के पास छिपाए गए हथियार और बम की बरामदगी के लिए ले गई, तो अंकित ने वहां छिपाई गई देशी पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अंकित के बाएं पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया।
एक अलग खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने करमा कुमार साहू (पतरातू निवासी) को गिद्दी थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह सोशल मीडिया के जरिए राहुल दुबे और प्रिंस खान गैंग से जुड़कर व्यापारियों, ठेकेदारों और कोयला कारोबारियों में दहशत फैलाने के लिए हथियार व बम सप्लाई करता था। उसकी निशानदेही पर साधु कुटिया जंगल से बम और मैगजीन बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
अंकित कुमार पांडेय (ग्राम- पिपराडीह, बड़कागांव)
ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल (ग्राम- शिवाडीह, बड़कागांव)
कुणाल कुमार पांडेय (पतरातू, रामगढ़)
करमा कुमार साहू (पतरातू, रामगढ़ – पूर्व में पिठोरिया और पतरातू थाना क्षेत्र में आपराधिक मामला दर्ज)
बरामदगी:पुलिस ने इस छापेमारी अभियान में 02 देशी बम, 01 देशी पिस्टल, 01 जिंदा गोली, 01 खोखा, 01 मिसफायर गोली, 05 मोबाइल फोन और 04 धमकी भरे पर्चे जब्त किए हैं।
मामले में बड़कागांव थाना (कांड सं.-141/26) और गिद्दी थाना (कांड सं.-22/26) में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

