जमशेदपुर: हिमांशु सिंह की मौत के बाद बिष्टुपुर बना रणक्षेत्र, पुलिस पर पथराव, सिटी एसपी की गाड़ी का शीशा टूटा…

 

जमशेदपुर।शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुई खूनी चापड़बाजी ने सोमवार को शहर को हिंसा और तनाव की आग में झोंक दिया। गंभीर रूप से घायल करणी सेना युवा मोर्चा के सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह ने टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर फैलते ही पूरे शहर में आक्रोश की लहर दौड़ गई।

टीएमएच में उमड़ा जनसैलाब, रीगल गोलचक्कर पर फूटा गुस्सा

हिमांशु सिंह की मौत की सूचना मिलते ही करणी सेना के सैकड़ों कार्यकर्ता, क्षत्रिय समाज के सदस्य, समर्थक और परिजन टीएमएच पहुंच गए। देखते ही देखते अस्पताल परिसर लोगों से भर गया। देर रात बिष्टुपुर के रीगल गोलचक्कर पर प्रदर्शन शुरू हुआ, जिसने कुछ ही देर में उग्र रूप ले लिया।प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर मुख्य सड़क जाम कर दी और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।उनकी मांग थी कि सभी नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

बिष्टुपुर बना रणक्षेत्र, पुलिस वाहनों पर पथराव

हालात तब और बिगड़ गए जब उग्र भीड़ बिष्टुपुर थाना परिसर की ओर बढ़ी। पुलिस ने लोगों को रोकने और बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तनाव बढ़ता चला गया।इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने मौके पर पहुंचे सिटी एसपी का घेराव कर दिया। नारेबाजी के बीच उनकी सरकारी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया। इसके बाद भीड़ ने दो अन्य पुलिस वाहनों पर भी पथराव कर दिया, जिससे उनके शीशे चकनाचूर हो गए।माहौल को अत्यधिक हिंसक और अपने खिलाफ होते देख सिटी एसपी अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए। सिटी एसपी को पीछे हटता देख भीड़ का हौसला और बढ़ गया।उग्र प्रदर्शनकारियों ने मौके पर मौजूद दो अन्य पुलिस वाहनों को निशाना बनाते हुए उन पर ताबड़तोड़ पथराव कर दिया। पत्थरों की बौछार से दोनों पुलिस गाड़ियों के शीशे पूरी तरह टूट गए।मामले को बिगड़ता देख वहां मौजूद कुछ वरिष्ठ स्थानीय राजनेताओं ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने तुरंत फोन कर सिटी एसपी को दोबारा घटनास्थल पर बुलाया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल और पुलिस अधिकारियों के बीच वार्ता का दौर शुरू हो सका।

यातायात पूरी तरह ठप, घंटों जाम में फंसी एम्बुलेंस

रीगल गोलचक्कर पर हुए प्रदर्शन और आगजनी के कारण बिष्टुपुर और साकची को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। एम्बुलेंस सहित कई आवश्यक सेवाएं घंटों तक प्रभावित रहीं और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।

तीन पुलिसकर्मी निलंबित, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

घटना के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियो एएसआई रतन कुमार दास, एएसआई राजेश कुमार रंजन और आरक्षी मनोज कुमार को निलंबित कर दिया।बताया जा रहा है कि चापड़ से हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ। आरोप है कि हमलावर ने पीसीआर वैन के पास से निकलकर वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसकी जांच जारी है।

पूरे शहर में हाई अलर्ट

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीएमएच, बिष्टुपुर बाजार और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच तेजी से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!