दुमका:सरकारी स्कूल में छेड़छाड़ के आरोप से हंगामा, ग्रामीणों ने जड़ा ताला; जांच में जुटा प्रशासन

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी उच्च विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक पर सातवीं कक्षा की छात्रा द्वारा छेड़छाड़ का आरोप लगाए जाने के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। घटना से नाराज़ ग्रामीणों और छात्रा के परिजनों ने स्कूल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग करते हुए विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे पढ़ाई बाधित हो गई।

छात्रा का आरोप है कि वह बीते बुधवार को किताब लेने विद्यालय गई थी। इसी दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक ने उसके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और छेड़छाड़ का प्रयास किया। घर लौटने के बाद छात्रा ने रोते हुए पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद गांव में मामला फैलते ही लोगों में आक्रोश बढ़ गया। मुहर्रम और रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी राहुल कुमार शानू और सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेन्द्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्कूल का ताला खुलवाया और पूरे मामले की जानकारी लेते हुए स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच के साथ-साथ दोषी पर कड़ी कार्रवाई और विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

इधर, सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेन्द्र यादव ने बताया कि अभी तक छात्रा के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। बावजूद इसके पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, प्रभारी प्रधानाध्यापक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उन्हें साजिश के तहत झूठे और मनगढ़ंत मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!