राँची सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष अजय साह को अध्यक्ष पद से हटा दिया,अधिसूचना जारी….

राँची।बाल कल्याण समिति राँची (सीडब्ल्यूसी) अध्यक्ष अजय साह को उनके पद से हटा दिया गया है। इस संबंध में सोमवार को महिला,बाल विकास व सामाजिक सुरक्षा विभाग झारखण्ड सरकार ने अधिसूचना जारी की। यह सूचना राज्य सरकार के अवर सचिव सरोजनी कुमारी सिंह के द्वारा दी गई। अधिसूचना में कहा गया कि राजनीतिक दल की सदस्यता लेने की वजह से उन्हें राँची सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष पद से हटाया जाता है। इस अधिसूचना में विभागीय मंत्री का अनुमोदन भी प्राप्त है।

बता दें गत 26 मई को राँची सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष अजय साह ने भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इस पर महिला, बाल विकास विभाग ने संज्ञान लिया और कारवाई करने की अनुशंसा की गई। ज्ञात हो कि सीडब्ल्यूसी झारखण्ड सरकार के अधीन एक अर्ध न्यायिक निकाय है, जिसका काम नाबालिग बच्चों की देखरेख और सुरक्षा से संबंधित मामलों को देखना होता है। समिति एक न्यायपीठ है, जिसमें चार सदस्य और एक अध्यक्ष होता है।

इधर अजय ने कहा कि झारखण्ड के लिए कुछ करने की यत से राजनीति में कदम रखा था, परंतु मुझे असंवैधानिक तरीके से पद से हटा दिया गया। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने से पहले मैंने कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं से कानूनी सलाह ली थी। जिन्होंने बताया था कि किशोर न्याय अधिनियम के तहत बाल कल्याण समिति का अध्यक्ष कोई राजनीतिक पद धारण नहीं कर सकता है, जबकि मैंने सिर्फ सदस्यता ग्रहण की थी। अजय ने कहा कि अपना कानूनी पक्ष उपायुक्त के सामने रखा था, परंतु सुनवाई नहीं हुई। अब न्यायालय की शरण में जाएंगे।