पलामू: 25 किलो गांजा, तीन हथियार, गोली और लूटी गई वाहन के साथ 6 अपराधी गिरफ्तार

पलामू। झारखण्ड राज्य के पलामू जिले के पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पलामू पुलिस ने 25 किलो गांजा, तीन आर्म्स, गोली और लूटी गयी मोटरसाइकिल के साथ छह अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही दो कांडों का भी उद्भेदन हो सका है।गिरफ्तार अपराधियों में से कई जेल भी जा चुके हैं और शातिर अपराधी हैं। उनके खिलाफ शहर और सतबरवा थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी ने प्रेस वार्ता में घटना की घटना के खुलासे की जानकारी दी। जिले की सतबरवा पुलिस ने गांजा की खरीद बिक्री में शामिल एक युवक को 25 किलो ग्राम गांजा और रिवाल्वर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा को गुप्त सूचना मिली थी कि सतबरवा के पोंची निवासी ओमप्रकाश साव अवैध रूप से गांजा का खरीद बिक्री करता है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप गुप्ता के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। छापामारी के क्रम में उसके घर से एक चदरा के ड्राम में रखा गांजा लगभग 25 किलो ग्राम जब्त किया गया। अवैध गांजा रखने के आरोप में ओमप्रकाश साव (उम्र करीब 22 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में सतबरवा थाना कांड सं. 86/2020, दिनांक 14.07.2020 धारा 20/22 एनडीपीएस एक्ट अंकित किया गया है। पूछताछ में ओमप्रकाश साव ने स्वीकारोक्ति बयान में बताया है कि वह गांजा खरीद बिक्री का काम करता हैं। विभिन्न लोगों से गांजा खरीद कर अपने घर में चदरा के ड्राम में करीब 25-26 किलोग्राम गांजा कर रखता था। 50 से लेकर 200 रूपये की पुड़िया बनाकर बेचता था। इनसे चंदन कुमार चंद्रवंशी (दो नंबर टाउन, कुम्हार टोली थाना शहर) भी आकर उसके घर गांजा खरीदता था। चंदन कुमार चंद्रवंशी अपराधी किस्म का व्यक्ति था।

ओमप्रकाश चंदन कुमार से अपने लिए भी पिस्तौल की व्यवस्था करने के लिए बोला था। इस पर चंदन कुमार ने बताया कि सतबरवा के विकास प्रसाद के पास एक रिवाल्वर है। वह बेचना चाहता है। इसके बाद आज से तीन माह पूर्व चंदन कुमार अपने साथ विकास प्रसाद को लेकर उसकी दुकान पर आया और उसने 8 हजार रूपए लेकर एक छह राउंड वाला रिवाल्वर दिया, जिसे वह अपने पास रखे हुए था।

ओमप्रकाश साव की निशानदेही पर उसके घर से ड्राम के नीचे छुपाकर रखे गये रिवाल्वर को बरामद किया गया। इस संबंध में अलग से सतबरवा थाना कांड सं. 87/2020, दिनांक 14.07.2020 धारा-25 (1-बी.) ए/26/35 आर्म्स एक्ट दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है। ओमप्रकाश साव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है।