पाकुड़: आमने-सामने भिड़े बस और ट्रक, बस चालक का पैर टूटा; दो यात्री भी घायल
पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के शहरकोल के समीप मंगलवार की सुबह सड़क पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी, जब यात्रियों से भरी बस और एक ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार दो यात्रियों को भी चोटें आयीं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या जेएच 04 एसी 2495 पाकुड़ से महेशपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक संख्या डब्ल्यूबी 59 एच 8406 से शहरकोल के पास बस की सीधी भिड़ंत हो गयी। टक्कर के बाद बस चालक मुमताज अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका दाहिना पैर टूट गया है और सिर में भी गंभीर चोट लगी है।
बस में सवार कविता चार और विद्युत मरांडी, दोनों निवासी पाकुड़, भी हादसे में घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल सभी घायलों को उठाकर सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया।
इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. दयानंद आर्या के अनुसार बस चालक की हालत गंभीर है। उसके पैर में फ्रैक्चर के साथ सिर पर भी गंभीर चोट है। प्राथमिक उपचार के बाद चालक के परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाने की तैयारी में जुटे थे।
इधर, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों वाहनों की स्थिति का जायजा लिया और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर कैसे हुई। हादसे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

