Jharkhand:निर्दयी माँ का कहर,पाँच साल के बेटे को रस्सी से गला घोंट कर मार डाला,दो दिन तक घर में पड़ा रहा शव,बैंक मैनेजर की पत्नी है आरोपी महिला

सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिला के राजनगर थाना क्षेत्र में एक निर्दयी माँ ने अपने पांच वर्षीय बेटे की हत्या कर शव को दो दिन तक घर में छुपाए रखा और आराम से अपना नित्य कार्य करती रही। किसी को हत्या की कोई जानकारी नहीं दी। शक होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।शुक्रवार को पुलिस ने शव को घर से बरामद किया और कलयुगी मां को गिरफ्तार कर जेल भेजा।यह मामला सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के पोटका पंचायत अंतर्गत बीटा गांव का है। कलयुगी मां अशांति तियु ने बुधवार शाम को ही अपने 5 वर्षीय बेटे विनीत तियु का नारियल की रस्सी गले में बांध कर उसका गला घोंटा। इसके बाद विनीत का शव घर के अंदर ही फर्श पर दो दिनों तक पड़ा रहा। हत्या के समय घर में कोई नहीं था। मां-बेटे ही घर में थे। आरोपी महिला अशांति तियु के पति महेंद्र तियु पिछले कई माह से बीमार हैं और वह करीब पंद्रह- बीस दिन से जमशेदपुर के ब्राह्मनंद हॉस्पिटल में भर्ती थे। बुधवार को आरोपी महिला के पति महेंद्र को अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी जिनको लाने उसके ससुर ब्रह्मानंद हॉस्पिटल गए थे। जिस कारण घर में दोनों मां -बेटे के सिवा कोई नहीं था।

इस वजह से पडोसियों को हुआ शक:
हत्या के बाद भी आरोपी अशान्ति तियु अपना घर का सारा काम करती दिखी। गुरुवार शाम तक भी बच्चा कहीं नजर नहीं आया तो बगल वाले घर की एक लड़की ने उससे पूछा कि विनीत कहां है, दिख नहीं रहा है। महिला ने कहा कि वह सो रहा है। उसे मत जगाओ। जब लड़की को कुछ शक हुआ तो देखा कि अंदर विनीत जमीन पर मृत पड़ा था। इसके बाद गांव वालों को जानकारी मिली। लेकिन उसके घर में किसी के नहीं होने के कारण पहले तो पुलिस को कोई जनकारी नहीं दी गई। पहले फोन से अस्पताल में एडमिट उसके पति को जानकारी दी गई। इसके बाद गांववालों ने पुलिस को सूचित किया। शुक्रवार सुबह को राजनगर पुलिस ने गांव जाकर मृत बच्चे विनीत तियू का शव बरामद किया और हत्या में प्रयुक्त नारियल की रस्सी भी बरामद की। हत्यारोपी कलयुगी मां ने पुलिस के समक्ष गुस्से में आकर बेटे की हत्या करने की बात कही। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को शव सौंप दिया।

थाना प्रभारी ने कहा:
थाना प्रभारी शम्भू शरण दास ने कहा कि पुलिस को बीटा गांव में एक महिला द्वारा अपने पांच साल के बेटे की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। जांच करने पर मामला सत्य पाया गया। महिला ने बताया कि उसके पति हॉस्पिटल में एडमिट थे। इससे वे काफी गुस्सा व चिड़चिड़ा महसूस कर रही थी और गुस्से में आकर बेटे की हत्या की।

बैंक प्रबंधक महेंद्र तियु की तीसरी पत्नी है अशांति तियु:
मिली जानकारी के अनुसार अशान्ति तियु के पति महेंद्र तियु को ऑपरेटिव सोसाइटी बैंक में प्रबंधक हैं। उनकी पोस्टिंग कहीं बाहर में है। परंतु पिछले दो-तीन माह से वह गंभीर रूप से बीमार हैं। जिसके बाद अपने गांव आकर यहां से इलाज करवा रहे थे। वह पिछले पंद्रह बीस दिन से जमशेदपुर के ब्राह्मनंद हॉस्पिटल में इलाजरत थे। ग्रामीणों ने बताया है कि अशांति तियु बैंक प्रबंधक की तीसरी पत्नी है। उसकी दूसरी पत्नी चाईबासा में बच्चों के साथ रहती है और एक पत्नी पहले ही भाग चुकी है। यह भी मामला सामने आया है कि अशांति तियु की अपने बैंक प्रबंधक पति के साथ अक्सर कहासुनी होती रहती थी। विनीत उसका इकलौता बेटा था। मगर पति के साथ कहासुनी और झगड़े से गुस्सा में आकर बेटे की हत्या की।