दुमका में बाइक लूट की कोशिश, विरोध करते ही बदमाशों ने चला दी गोली; युवक के पैर में लगी
दुमका।जिले में हंसडीहा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह बाइक लूटने पहुंचे बदमाशों ने विरोध करने पर एक व्यक्ति को गोली मार दी। वारदात लकड़ाटांड़ के पास हरदिया नदी के समीप हुई। गोली लगने से लकड़ाटांड़ निवासी शिवलाल हांसदा (55) घायल हो गए। गोली उनके बाएं पैर में लगी है।
जानकारी के अनुसार, शिवलाल हांसदा सोमवार सुबह करीब 5 बजे अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान हरदिया नदी के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। दोनों बदमाशों ने उनसे बाइक छीनने की कोशिश की। शिवलाल ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी।अचानक हुई गोलीबारी में एक गोली शिवलाल के बाएं पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह घायल होकर मौके पर गिर पड़े। इधर, फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ आने लगे। लोगों को अपनी ओर आता देख दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
सुबह-सुबह हुई वारदात से इलाके में मची सनसनी
वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए वारदात से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने की कोशिश शुरू कर दी है।पुलिस अब आसपास के इलाकों में बदमाशों के भागने के रास्ते और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। अपराधियों की पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर भी पूछताछ की जा रही है।
दो बदमाशों की तलाश में छापेमारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात को बाइक सवार दो युवकों ने अंजाम दिया है। दोनों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बदमाश पहले से इलाके में मौजूद थे या उन्होंने रास्ते में शिवलाल को निशाना बनाया। वारदात के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।सुबह के समय हुई इस घटना से आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई जारी है।

