राँची रेलवे स्टेशन से अगवा मासूम विवान सकुशल बरामद, माँ ने सीने से लगाकर छलकाए आंसू; 6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में..सभी को राँची लाया गया…
राँची रेलवे स्टेशन से मासूम विवान कुमार के अपहरण के बाद आखिरकार वह घड़ी आई, जिसका इंतजार बच्चे की माँ बेसब्री से कर रही थी। देर रात करीब एक बजे पुलिस जब विवान को लेकर चुटिया थाना पहुंची तो माँ की नजर जैसे ही अपने जिगर के टुकड़े पर पड़ी, उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े। माँ ने बच्चे को सीने से लगा लिया। माँ-बेटे के मिलन का यह भावुक दृश्य वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया।

राँची। राँची रेलवे स्टेशन से मासूम विवान कुमार के अपहरण के मामले में राँची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। देर रात करीब एक बजे पुलिस बच्चे को लेकर चुटिया थाना राँची पहुंची, जहां माँ अपने लाल के इंतजार में बेसब्री से खड़ी थी।पुलिस के पहुंचते ही माँ की नजर विवान पर पड़ी। बेटे को देखते ही माँ ने उसे दौड़कर अपने सीने से लगा लिया। बीते चार दिनों की चिंता और बेचैनी के बाद अपने बच्चे को सुरक्षित देखकर माँ की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। माँ लगातार बच्चे को गले लगाकर दुलारती रही। माँ-बेटे का यह मिलन बेहद भावुक कर देने वाला था।
धनबाद से साहिबगंज तक पुलिस की कार्रवाई
बता दें विवान के अपहरण के बाद राँची पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, पहले धनबाद से मुख्य सरगना रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन और फिर साहिबगंज के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र से बिट्टू सिंह और पाकुड़ निवासी कयूम अंसारी को पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस टीम ने राजमहल से जमादार शेख, तीनपहाड़ के नीचे टोला से तसबीर शेख और बाबूपुर गांव से छोटू नोनिया को गिरफ्तार किया।
रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन को बताया जा रहा मुख्य सरगना
पुलिस की जांच में रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन का नाम इस पूरे मामले के मुख्य सरगना के रूप में सामने आया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि मासूम विवान के अपहरण की साजिश कैसे रची गई, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे और बच्चे को कहां रखने की योजना थी।
सिटी डीएसपी की मौजूदगी में पूछताछ
राँची लाए गए सभी आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी है। सिटी डीएसपी केवी रमन भी आरोपियों से पूछताछ के लिए पहुंचे हैं। पुलिस आरोपियों से घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।
पूछताछ के दौरान पुलिस अपहरण की साजिश, आरोपियों की भूमिका और उनके आपसी संपर्क से जुड़े बिंदुओं की जानकारी जुटा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद मामले में कई और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
विवान की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस अब गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। आरोपियों से पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी चल रही है।
फिलहाल, मासूम विवान का अपनी मां से मिलना इस पूरे घटनाक्रम का सबसे भावुक पल रहा। जिस मां के लिए हर पल अपने बच्चे की चिंता भारी पड़ रही थी, उसी मां ने देर रात अपने बेटे को सीने से लगाकर राहत की सांस ली।

