झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ओडिशा के नए राज्यपाल बने….

Odisha New Governor: झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं इंद्र सेना रेड्डी नल्लू को त्रिपुरा का राज्यपाल बनाया गया है।राष्ट्रपति भवन ने बुधवार (18 अक्टबूर) को बयान जारी कर ये जानकारी दी।बयान में आगे कहा गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ये नियुक्तियां करते हुए खुशी हो रही है। दोनों पदों पर नियुक्ति उस तारीख से प्रभावी होंगी जब दास और नल्लू अपने-अपने कार्यभार संभालेंगे।

रघुवर दास फिलहाल बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।वो 2014 से 2019 तक झारखण्ड के मुख्यमंत्री रहे हैं। झारखण्ड के गठन के बाद दास अपना कार्यकाल पूरा करने वाला पहले सीएम थे।दास साल 1995 में जमशेदपुर पूर्व सीट से पहले बार विधायक बने थे।वो झारखण्ड के डिप्टी सीएम पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।वहीं इंद्र सेना रेड्डी नल्लू तेलंगाना से बीजेपी के नेता और राष्ट्रीय महासचिव हैं।

वरीय नेताओं ने दी बधाई:
रघुवर दास को राज्यपाल बनाए जाने पर भाजपा प्रदेश बाबूलाल मरांडी,सांसद निशिकांत दुबे ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। मरांडी ने कहा कि दास के अनुभवों का लाभ ओडिशा की जनता को मिलेगा। प्रदेश संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, डॉ. प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय और पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने भी उन्हें बधाई दी है।

रघुवर दास बोले-जय जगन्नाथ । नवरात्र के दौरान माँ का आशीर्वाद मिला है।पार्टी का नेतृत्व जो भी आदेश होगा,उसे उसी निष्ठा से पूरा करूंगा, जिस निष्ठा से अब तक करता आया हूं। एक साधारण कार्यकर्ता को भी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में तरजीह दी जाती है।अब तक कई महत्वपूर्ण पद मुझे मिले।एक और बड़ी जिम्मेदारी मिली है। इसे पूरी क्षमता से पूरी करूंगा।इसके साथ ही रघुवर दास ने ‘जय जगन्नाथ’ का नारा बुलंद किया।

लगातार पांच बार जमशेदपुर पूर्वी से बने विधायक

रघुवर दास वर्ष 1995 में पहली बार पूर्वी सिंहभूम जिला जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से बिहार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए।इसके बाद वह लगातार पांच बार इसी सीट से चुने गए। 15 नवंबर 2000 से 17 मार्च 2003 तक रघुवर दास झारखण्ड के श्रम मंत्री रहे। वर्ष 2003-04 में वह भवन निर्माण मंत्री बने।2005-06 तक वह झारखण्ड के वित्त मंत्री रहे। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ( झामुमो) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की गठबंधन सरकार में उन्हें उप-मुख्यमंत्री बनाया गया था। 28 दिसंबर 2014 को वह झारखण्ड के मुख्यमंत्री बने। झारखण्ड गठन के बाद अपना कार्यकाल पूरा करने वाले रघुवर दास पहले मुख्यमंत्री थे।