करमा डाली विसर्जन के बीच अचानक टूटा भौंरों का कहर, बच्चों-महिलाओं समेत दो दर्जन से अधिक लोग घायल
कोडरमा। करमा पूजा के विसर्जन के दौरान बुधवार सुबह कोडरमा के सतगावां थाना क्षेत्र के मनोरथडीह गांव में अचानक अफरा-तफरी मच गई। विसर्जन के लिए जुटे लोगों पर अचानक भौंरों के झुंड ने हमला कर दिया। देखते ही देखते भौंरों ने बच्चों, महिलाओं, युवतियों समेत कई लोगों को अपना निशाना बना लिया।अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई। भौंरों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान करीब आधा दर्जन बच्चों समेत दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने किसी तरह घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सतगावां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया। सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।करमा विसर्जन के दौरान अचानक हुए इस हमले से मनोरथडीह गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर लोगों की भीड़ अस्पताल में जुट गई।

