छत पर बिना सेफ्टी बेल्ट काम कर रहा था मजदूर, गिरने से गई जान; ब्लिंकिट वेयरहाउस में हादसे के बाद उठे सुरक्षा पर सवाल

राँची।राँची के नामकुम थाना क्षेत्र के ब्यांगडीह स्थित ब्लिंकिट एवं नेस्ले के वेयरहाउस में चल रहे मेंटेनेंस कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। छत पर काम कर रहा 22 वर्षीय मजदूर संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को आनन-फानन में राँची के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस मामले कि जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान निर्मल अहीर (22) के रूप में हुई है। वह तमाड़ के जामडीह, उली लोहार गांव का रहने वाला था। बताया गया कि निर्मल वेयरहाउस की छत पर मेंटेनेंस कार्य में लगा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे जमीन पर जा गिरा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
सेफ्टी बेल्ट नहीं लगाने की बात सामने आई
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल कार्यस्थल पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर उठ रहा है। जानकारी के अनुसार, जिस समय निर्मल छत पर काम कर रहा था, उसने सेफ्टी बेल्ट नहीं लगा रखी थी। ऐसे में ऊंचाई पर कराए जा रहे कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं, यह जांच का विषय बन गया है।मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों को जानकारी दी गई। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलने पर हिंदपीढ़ी थाना की पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। मृतक की पत्नी सविता कुमारी की ओर से नामकुम पुलिस को आवेदन सौंपा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कंपनी ने जिम्मेदारी से किया किनारा
हादसे के बाद जब वेयरहाउस से जुड़े लोगों से घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने मृतक को कंपनी का कर्मचारी होने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि निर्मल कंपनी में सीधे काम नहीं करता था, बल्कि किसी ठेकेदार के अधीन मजदूरी कर रहा था।वहीं, संबंधित ठेकेदार के मैनेजर से भी घटना के संबंध में बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होना बाकी है कि मेंटेनेंस कार्य के लिए मजदूरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी और ऊंचाई पर काम के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक जिम्मेदारी सामने आ सकेगी।

