धनबाद में ट्रेन से गिरकर 10 साल के बच्चे की मौत, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; पहचान में जुटी पुलिस

धनबाद। धनबाद में रेलवे ट्रैक के पास एक 10 वर्षीय बच्चे की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि बच्चा बांकुड़ा से धनबाद आने वाली ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। रेलवे ट्रैक के पास पड़े बच्चे को ग्रामीणों ने देखा और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृत बच्चे की पहचान नहीं हो सकी है।

रेलवे ट्रैक के पास पड़ा था बच्चा
घटना सुरंगा-पहाड़ीगोड़ा के पास रेलवे पोल संख्या 10, P7/P6 के नजदीक की है। स्थानीय निवासी रंजीत कुंभकार के अनुसार, ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास बच्चे को गिरा हुआ देखा। आसपास के लोगों ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि बच्चा बांकुड़ा से धनबाद आने वाली ट्रेन से गिरा है। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना आरपीएफ को दी।

आरपीएफ के इंतजार के बजाय ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरपीएफ के पहुंचने में देरी होने पर ग्रामीणों ने बच्चे की जान बचाने के लिए उसे खुद अस्पताल ले जाने का फैसला किया। आनन-फानन में बच्चे को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कहां का रहने वाला था बच्चा, अब तक पता नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चा आसपास के इलाके का रहने वाला नहीं लग रहा था। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। आरपीएफ और पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं। बच्चे की पहचान करने और उसके परिजनों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चा किस जगह का रहने वाला था और किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!