दुमका में नाबालिग हत्याकांड पर उबाल….सड़कों पर उतरे सैकड़ों छात्र, अंबेडकर चौक जाम कर मांगी फांसी
दुमका। झारखण्ड के दुमका में नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर आक्रोश भड़क उठा है। काठीकुंड में नौवीं कक्षा की छात्रा का शव मिलने के बाद सोमवार को जिला मुख्यालय में छात्रों का गुस्सा सड़कों पर दिखा। झारखण्ड छात्र सभा के बैनर तले सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर अंबेडकर चौक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और दोष साबित होने पर फांसी की सजा देने की मांग की।
एसपी कॉलेज मैदान से निकली रैली, अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन
नाबालिग को न्याय दिलाने की मांग को लेकर छात्र एसपी कॉलेज मैदान से रैली निकालते हुए अंबेडकर चौक पहुंचे। यहां सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस जघन्य घटना के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
गाय लाने खेत गई थी किशोरी, बाद में मिला शव
मामला काठीकुंड थाना क्षेत्र का है। शनिवार को नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग किशोरी का शव बरामद किया गया था। बताया जाता है कि किशोरी गाय लाने के लिए खेत की ओर गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। बाद में उसका शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की परिस्थितियों को लेकर उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।
सामूहिक दुष्कर्म की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
घटना को लेकर सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि होने के दावे भी चर्चा में हैं।फिलहाल मामले में जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।
गैंगस्टर राहुल सिंह के नाम से कथित अपील की भी चर्चा
इस हत्याकांड के बाद गैंगस्टर राहुल सिंह के नाम से सोशल मीडिया पर कथित अपील की चर्चा भी सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि छात्राओं से हथियार उठाने की अपील की गई और हथियार उपलब्ध कराने की बात कही गई। हालांकि, इस कथित संदेश की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
छात्रों की दो टूक—पीड़िता को मिले न्याय
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि नाबालिग को न्याय दिलाने के लिए पुलिस को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच के साथ दोष साबित होने पर कठोरतम सजा सुनिश्चित की जाए। दुमका में इस घटना को लेकर बढ़ते आक्रोश के बीच अब पुलिस की कार्रवाई और जांच के

