भौकाल के चक्कर में कट्टे से काटा केक, वीडियो ने खोली पोल; दो नाबालिग पकड़े गए

 

डेस्क/मुजफ्फरपुर। दोस्तों के बीच भौकाल बनाने और रौब जमाने का ऐसा जुनून कि जन्मदिन का केक चाकू से नहीं, बल्कि देसी कट्टा से काटा गया! बिहार के मुजफ्फरपुर में नौवीं कक्षा के एक छात्र का यह कारनामा अब उसी पर भारी पड़ गया है। जन्मदिन मनाने का वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और छापेमारी कर दो नाबालिगों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है।

मामला मीनापुर थाना क्षेत्र के जामिन मठिया घाट का है। बताया जाता है कि 10 अक्टूबर को नौवीं में पढ़ने वाले छात्र ने अपने जन्मदिन पर दोस्तों को बुलाया था। इसके बाद बाइक की पिछली सीट पर केक रखा गया और देसी कट्टा से केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो सामने आने के बाद चर्चा में आ गया।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस की दबिश
कट्टे से केक काटकर भौकाल बनाने की सूचना मिलने पर पानापुर ओपी पुलिस ने कार्रवाई की। एसडीपीओ पूर्वी-1 अलय वत्स के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जामिन मठिया घाट के पास कुछ युवक देसी कट्टा लेकर जन्मदिन मना रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की और दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया। मौके से एक देसी कट्टा बरामद किया गया।

कट्टा किसने दिया? पुलिस कर रही तलाश
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि नाबालिगों के हाथों में देसी कट्टा पहुंचा कैसे? पुलिस को आशंका है कि एक युवक ने उन्हें कट्टा उपलब्ध कराया था। बताया जा रहा है कि वह युवक फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पानापुर ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दोस्तों के बीच रौब जमाने के लिए हथियार का इस्तेमाल करने की यह घटना नाबालिगों में बढ़ती दिखावे की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े करती है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि कट्टा कहां से आया और इसके पीछे किसकी भूमिका है।

 

error: Content is protected !!