रामगढ़ की चुट्टूपालू घाटी में मौत बनकर आया कंटेनर…कार को नीचे दबाया, दो की मौत; दो की हालत गंभीर, 3 घंटे तक थमा रहा राँची-पटना मार्ग

 

रामगढ़। झारखण्ड की खतरनाक सड़कों में शामिल चुट्टूपालू घाटी में रविवार की देर रात एक बार फिर भीषण सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया।राँची-पटना मुख्य मार्ग पर एक अनियंत्रित कंटेनर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कंटेनर के नीचे बुरी तरह दब गई और उसमें सवार पांच लोग अंदर ही फंस गए। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए राँची स्थित रिम्स रेफर किया गया है।

दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, कार में फंसी थीं पांच जिंदगियां

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें सवार लोग अंदर फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई। पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत की, लेकिन कार की हालत इतनी खराब थी कि लोगों को निकालना बेहद मुश्किल हो रहा था।

करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी पांच लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को तत्काल सदर अस्पताल, रामगढ़ पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने एक महिला समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों का इलाज शुरू किया गया। दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राँची के रिम्स रेफर कर दिया गया, जबकि घायल महिला रीना चक्रवर्ती का इलाज रामगढ़ सदर अस्पताल में जारी है।

ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुआ कंटेनर!
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंटेनर का ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान कंटेनर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार कंटेनर के नीचे बुरी तरह दब गई। हादसे के बाद कंटेनर भी सड़क पर पलट गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

रामगढ़ थाना के सब-इंस्पेक्टर सुमंत कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। क्रेन की मदद से कार में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो लोगों की मौत हो गई।

राँची से हजारीबाग जा रहे थे कार सवार
हादसे में घायल रीना चक्रवर्ती के अनुसार, वे लोग राँची से हजारीबाग जा रहे थे। इसी दौरान कंटेनर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। कार में चालक राजू कुमार के अलावा पी. चक्रवर्ती, एस. चक्रवर्ती और पी. चक्रवर्ती सवार थे। हादसे में दो लोगों की जान चली गई।

तीन घंटे तक जाम, सड़क पर वाहनों की लंबी कतार
भीषण दुर्घटना के बाद राँची-पटना मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। कंटेनर के सड़क पर पलट जाने और दुर्घटनाग्रस्त कार के फंसे रहने से घाटी में वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर गाड़ियों का जमावड़ा हो गया। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए काफी मशक्कत की और एक लेन से दोनों ओर के वाहनों का परिचालन शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने तथा यातायात बहाल करने में करीब तीन घंटे लग गए। इसके बाद धीरे-धीरे आवागमन सामान्य हो सका।

फिर सवालों के घेरे में चुट्टूपालू घाटी की सड़क सुरक्षा
चुट्टूपालू घाटी में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार, भारी वाहनों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एक ओर जहां दो परिवारों ने अपने परिजनों को खो दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल दो लोगों का इलाज रिम्स में जारी है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान और हादसे के सटीक कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

 

error: Content is protected !!