भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा का हल्लाबोल, लोकभवन के बाहर धरना; मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा
राँची।जनजातीय महिलाओं और बेटियों के साथ कथित अत्याचार के मुद्दे पर भाजपा ने मंगलवार को हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा और महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने लोकभवन के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग की।
भाजपा नेताओं का मुख्य निशाना सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा रहे। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपों को लेकर भाजपा ने उनकी तत्काल गिरफ्तारी और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोगों पर गंभीर आरोप लगने के बावजूद सरकार कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने में जुटी है।
राज्यपाल से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग
धरना-प्रदर्शन के बाद भाजपा एसटी मोर्चा और महिला मोर्चा की आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा के नेतृत्व में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जनजातीय बेटियों के साथ कथित अन्याय और अत्याचार के विभिन्न मामलों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी समेत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से कहा कि एक जनप्रतिनिधि पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगना बेहद चिंताजनक है। उनका आरोप है कि सरकार में शामिल कांग्रेस इस मामले में कार्रवाई सुनिश्चित करने के बजाय विधायक को बचाने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मामले को सामने लाने वाले पत्रकारों के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
हेमंत सरकार पर एसटी मोर्चा का तीखा हमला
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने कहा कि जब से हेमंत सरकार सत्ता में आई है, तब से जनजातीय समाज और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। सरकार पीड़ितों को न्याय दिलाने के बजाय अपनी झोली भरने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर भाजपा चुप नहीं बैठेगी।
प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर, भाजपा नेत्री गंगोत्री कुजूर, एसटी मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता पिंकी खोया, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाइक, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन और महानगर भाजपा अध्यक्ष वरुण साहू समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

