निशा भगत केस में CBI का बड़ा एक्शन, राँची में तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी; अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा से घंटों पूछताछ–

–आरोपियों के आवास से कुछ सामान जब्त, निशा के घर पहुंची तीसरी टीम ने री-क्रिएट किया क्राइम सीन; छह नवंबर को हुई थी आदिवासी नेत्री की मौत

राँची।आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के हाथों में है। केस अपने हाथ में लेते ही सीबीआई ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए राँची में एक साथ तीन अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई की। सोमवार को दिल्ली से पहुंची सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने नामजद आरोपियों के आवास पर दस्तक दी और उनसे घंटों पूछताछ की। वहीं, तीसरी टीम पिठौरिया थाना क्षेत्र के डहूटोली स्थित निशा भगत के आवास पहुंची, जहां अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और क्राइम सीन री-क्रिएट कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

इस कार्रवाई के दौरान केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष और मामले के नामजद आरोपी अजय तिर्की के पहाड़ी टोला स्थित आवास पर सीबीआई की टीम पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था के बीच अधिकारियों ने उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल-जवाब किये। पूछताछ के दौरान घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों, निशा भगत के साथ उनके संपर्क तथा उनके द्वारा फेसबुक लाइव में लगाए गए आरोपों से संबंधित जानकारी जुटाने की कोशिश की गयी।

इधर, सीबीआई की दूसरी टीम नामजद आरोपी ज्योत्सना केरकेट्टा के आवास पहुंची। यहां भी अधिकारियों ने लंबे समय तक पूछताछ की। जांच टीम ने मामले से जुड़े कई बिंदुओं पर जानकारी ली। इस दौरान कुछ सामान भी जब्त किये जाने की जानकारी सामने आयी है। हालांकि, जब्त सामान का पूरा ब्योरा और उसकी जांच में संभावित भूमिका को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है।

निशा के घर पहुंची तीसरी टीम, री-क्रिएट किया क्राइम सीन

सीबीआई की कार्रवाई का सबसे अहम हिस्सा पिठौरिया थाना क्षेत्र के डहूटोली स्थित निशा भगत का आवास रहा। इसी घर में छह नवंबर को निशा की मौत हुई थी। तीसरी टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घर के अंदर घटना से जुड़े संभावित साक्ष्यों और परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया। इसके साथ ही क्राइम सीन री-क्रिएट कर यह जानने की कोशिश की गयी कि घटना के समय वहां क्या परिस्थितियां रही होंगी और घटनाक्रम किस तरह हुआ होगा।

सीबीआई की इस कार्रवाई को जांच की शुरुआती लेकिन महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। एजेंसी अब आरोपियों से पूछताछ, घटनास्थल के निरीक्षण और जब्त सामान की जांच के जरिए मामले की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है।

पिता की शिकायत पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी, दो नामजद आरोपी

निशा भगत की मौत के बाद उनके पिता हांदू भगत ने पिठौरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी। शिकायत में उन्होंने बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का गंभीर आरोप लगाया था। इसी शिकायत के आधार पर पिठौरिया थाना में प्राथमिकी संख्या 114/2026 दर्ज की गयी थी। इसमें केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया गया था। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों की भूमिका की भी जांच की जानी है।

राज्य सरकार की ओर से सीबीआई जांच की अनुशंसा के बाद एजेंसी ने दिल्ली स्थित सीबीआई की विशेष अपराध शाखा-1 में प्राथमिकी दर्ज कर मामले को अपने हाथ में लिया है। अब इसी प्राथमिकी के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।

फेसबुक लाइव में छलका था निशा का दर्द, जमीन कारोबारियों पर लगाये थे आरोप

गौरतलब है कि छह नवंबर को निशा भगत की डहूटोली स्थित आवास पर मौत हो गयी थी। मौत से पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के माध्यम से रोते हुए अपनी परेशानी सार्वजनिक की थी। लाइव के दौरान उन्होंने जमीन कारोबारियों पर प्रताड़ित करने, सोशल मीडिया के माध्यम से चरित्र हनन करने और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाये थे। अपने बयान में उन्होंने अजय तिर्की का नाम भी लिया था।

बताया गया था कि आत्महत्या से पहले निशा ने पिठौरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी स्थिति की जानकारी भी दी थी। इसके बावजूद उनकी मौत के बाद पुलिस की भूमिका और समय रहते कार्रवाई नहीं होने को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे। इस घटनाक्रम ने पूरे राज्य में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर हलचल मचा दी थी।

विरोध और आंदोलन के बाद CBI जांच की अनुशंसा

निशा भगत की मौत के बाद भाजपा, आजसू सहित विभिन्न आदिवासी संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आवाज उठायी थी। परिजनों और सामाजिक संगठनों ने भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। बढ़ते विरोध के बीच राज्य सरकार ने पिठौरिया थाना प्रभारी को निलंबित किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की थी।

अब सीबीआई की एंट्री के साथ इस मामले में जांच की दिशा बदल गयी है। राँची में तीन स्थानों पर एक साथ हुई कार्रवाई, नामजद आरोपियों से लंबी पूछताछ और घटनास्थल पर क्राइम सीन री-क्रिएशन से साफ है कि एजेंसी मामले की हर कड़ी की पड़ताल कर रही है। आने वाले दिनों में पूछताछ और जुटाये गये साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा और बढ़ सकता है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि निशा भगत की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और उनके फेसबुक लाइव में उठाये गये सवालों के जवाब जांच में किस रूप में सामने आते हैं।

error: Content is protected !!