गिरिडीह में डायन का आरोप लगाकर महिला की पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस ने दंपती को दबोचा; अन्य आरोपियों की तलाश तेज

 

गिरिडीह।बेटे की मौत का जिम्मेदार ठहराकर एक 59 वर्षीय महिला को डायन बताना और फिर पीट-पीटकर उसकी हत्या कर देना। गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बासाबुदा गांव में अंधविश्वास की ऐसी ही खौफनाक घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दंपती को गिरफ्तार किया है। वहीं, हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने यह सफलता हासिल की है। टीम का नेतृत्व सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव कर रहे हैं। उन्होंने प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। इस दौरान इंस्पेक्टर सह मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

बेटे की मौत के बाद महिला पर लगाया डायन होने का आरोप

एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी मोतीलाल मुर्मू का बेटा कई दिनों से बीमार था और उसका इलाज रिम्स, राँची में चल रहा था। इलाज के दौरान 13 नवंबर की रात उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद मोतीलाल और उसके परिवार के सदस्यों ने गांव की 59 वर्षीय महिला को उसकी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए डायन कहना शुरू कर दिया।

सुबह घर पहुंचकर महिला को पीट-पीटकर मार डाला

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह करीब 6 से 7 बजे मोतीलाल मुर्मू अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ महिला के घर पहुंचा। वहां महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पति के बयान पर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 330/2026 दर्ज किया गया। इसमें गांव के ही मोतीलाल मुर्मू, उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों को आरोपी बनाया गया है।

शिवलाल मुर्मू और पत्नी बड़की देवी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बासाबुदा गांव के शिवलाल मुर्मू और उसकी पत्नी बड़की देवी को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ के अनुसार, दोनों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और घटना को अंजाम देने के तरीके की जानकारी दी है।

पुलिस अब इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ ने जल्द ही बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है।

 

error: Content is protected !!