राँची पुलिस के हत्थे चढ़ा तीन अपराधी, पिस्टल और गोली बरामद,एक पर आर्म्स एक्ट समेत कई केस

 

राँची।एयरपोर्ट इलाके से तीन युवकों को राँची पुलिस ने दबोचा है। तीनों एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पोखरटोली मैदान में हथियार के साथ जुटे थे। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा गोलियां और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। इनमें एक आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट, लूट, रंगदारी और जानलेवा हमला जैसे मामले दर्ज हैं।

 

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक राँची को गुप्त सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पोखरटोली मैदान में कुछ युवक अवैध हथियार लेकर बैठे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी ने पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा के निर्देशन में और वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की।

टीम ने बिना देर किए एयरपोर्ट के सामने पोखरटोली मैदान में इमली के पेड़ के पास छापेमारी की। पुलिस ने मौके से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। उनकी निशानदेही और मामले की जांच के क्रम में तीसरे आरोपी की भी गिरफ्तारी की गई। तलाशी में हथियार और गोलियां बरामद हुईं। इस मामले में एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 50/26, दिनांक 04.11.2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हुंडरू निवासी करण गोप उर्फ करण कुमार और आदित्य कुमार तथा जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हटिया स्थित गुरुद्वारा रोड, बीएलडब्ल्यू कॉलोनी निवासी अभिषेक सिंह उर्फ अभिषेक कुमार उर्फ सुल्तान के रूप में हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, करण गोप के खिलाफ डोरंडा थाना में वर्ष 2025 में मामला दर्ज है। वहीं अभिषेक सिंह का आपराधिक इतिहास और भी लंबा है। उसके खिलाफ गोंदा और जगन्नाथपुर थाना में मारपीट, लूट, रंगदारी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट सहित चार मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 का आर्म्स एक्ट का मामला भी शामिल है।

 

तीनों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर पोखरटोली मैदान में हथियार लेकर जुटे इन युवकों का अगला निशाना कौन था। हथियार कहां से मिला और इनके साथ अपराध की योजना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

छापेमारी दल में हटिया डीएसपी, डोरंडा थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी, जगन्नाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सहित समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे।

error: Content is protected !!