पुलिसकर्मी ने पहले बहन को गोली से उड़ाया, फिर खुद को किया शूट; डबल मौत से सनसनी
पटना। बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। दानापुर थाना क्षेत्र की मिथिला कॉलोनी मोड़ के पास पुलिसकर्मी ने अपनी ही बहन को सर्विस पिस्टल से गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने से भाई-बहन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों की पहचान मोतिहारी जिला पुलिस में तैनात एएसआई श्रीमचंद उर्फ सोनू और उसकी बहन गायत्री देवी के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मुजफ्फरपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पहले बहन को गोली मारी, फिर खुद को किया शूट
बताया जा रहा है कि सोनू का परिवार करीब एक साल से मिथिला कॉलोनी के एक मकान में किराये पर रह रहा था। मंगलवार शाम घर में सोनू और उसकी बहन गायत्री के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद सोनू ने अपनी सर्विस पिस्टल निकाल ली और बहन की गर्दन में गोली मार दी।गायत्री के गिरते ही सोनू ने कथित तौर पर पिस्टल अपने सिर से सटाकर खुद को भी गोली मार ली। गोलियों की आवाज सुनकर घर में मौजूद छोटा भाई और छोटी बहन घबरा गए और बाहर की ओर भागे। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो मौके पर भीड़ जुट गई।
पुलिस और FSL टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार समेत पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सिपाही की सर्विस पिस्टल को भी जब्त कर लिया है।
पारिवारिक विवाद बना वजह या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी में भाई-बहन के बीच कहासुनी और पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। परिजनों के अनुसार गायत्री की शादी वर्ष 2024 में हुई थी और वह मानसिक परेशानी के कारण अपने भाई के साथ रह रही थीं। हालांकि, घटना के पीछे गोली चलाने की वास्तविक वजह क्या थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है।एक ही घर में कुछ ही पलों के भीतर चली दो गोलियों ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। पुलिस अब घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

