करम डाली विसर्जन के दौरान पलामू में बड़ा हादसा, 6 की डूबने से मौत, गांव में मचा कोहराम

पलामू। झारखण्ड के पलामू जिले में बुधवार को करम पूजा के दिन दो अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों ने खुशियों को मातम में बदल दिया।जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकया गांव में करम डाली विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया।कोयल नदी में डूबने से पांच बच्चों की मौत हो गई। वहीं, पाटन थाना क्षेत्र के नानी झरिया में करम डाल बहाने के दौरान 15 वर्षीय सिंपी कुमारी की डूबने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं में कुल छह लोगों की जान चली गई।

कोयल नदी में करम डाल विसर्जन के दौरान पांच की मौत

चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकया गांव में बुधवार सुबह करीब छह बजे करम पूजा की करम डाली विसर्जित करने के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ। करम डाली लेकर नदी में उतरे पांच बच्चे अचानक कोयल नदी की तेज धारा की चपेट में आ गए और देखते ही देखते डूब गए।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने नदी में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद पांचों के शव बरामद किए गए।

मृतकों की पहचान नीतीश कुमार सिंह (18), पिता बाबूलाल सिंह, अमित कुमार ठाकुर (22), पिता पुरानी ठाकुर, राजा सिंह (12), पिता संजय सिंह, विशाल पासवान (16), पिता तिलकधारी पासवान और हेमंत कुमार सिंह (8), पिता सुनील सिंह के रूप में हुई है। सभी चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द के रहने वाले बताए गए हैं।

पाटन में भी करम डाल बहाने के दौरान हादसा

वहीं, पाटन थाना क्षेत्र के नानी झरिया में भी करम डाल बहाने के दौरान हादसा हो गया। यहां 15 वर्षीय सिंपी कुमारी की पानी में डूबने से मौत हो गई। सिंपी कुमारी, दिलीप पासवान की बेटी थी।

 

चैनपुर के बोकया गांव में पांच बच्चों की मौत की सूचना मिलने के बाद डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया कोयल नदी किनारे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हादसे की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने पांच युवकों की मौत की पुष्टि की है।एक साथ पांच युवकों की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। करमा पूजा की खुशियां देखते ही देखते चीख-पुकार में बदल गईं। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

 

 

error: Content is protected !!