धनबाद के वासेपुर में फिर गूंजी गोलियां, शानू खान समेत तीन घायल; 10 राउंड फायरिंग से दहशत, एक महिला भी जख्मी
धनबाद। धनबाद का चर्चित वासेपुर इलाका सोमवार सुबह एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। भुली मोड़ के समीप बेखौफ अपराधियों ने सरेराह ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 10 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक महिला भी शामिल है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि अंडा कारोबारी शानू खान पर गोली चली है।गोलीबारी में वहीं बगल में सदाम नामक दुकानदार और एक महिला को गोली लगी है।शानू खान गैंगस्टर फहीम खान का भाई बताया जा रहा है। शानू खान को निशाना बनाकर हमलावरों ने गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग के बाद आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। गोली लगने से घायल लोगों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बैंक मोड़ और भूली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किए हैं। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और हमलावरों के संबंध में पुलिस सुराग जुटा रही है।
इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और जांच की स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
वासेपुर में दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस फिलहाल घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। आपसी रंजिश, रंगदारी या कारोबारी विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।
घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। बताया गया कि शानू खान भूली मोड़ के समीप कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलाने के बाद दोनों अपराधी हरि मोड़ की ओर भाग निकले।फायरिंग में शानू खान की बांह में एक गोली लगी है। भूली मोड़ स्थित चतरा स्टोर के संचालक सद्दाम को दो गोलियां लगी हैं। एक महिला भी गोली लगने से घायल हुई है। तीनों को तत्काल नामधारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें धनबाद पीएमसीएच रेफर कर दिया, जहां तीनों का इलाज चल रहा है।
शानू खान पर करीब एक वर्ष पहले भी अलीनगर के समीप गोली चली थी। उस घटना में वह बाल-बाल बच गए थे। अब दोबारा उन पर हमला हुआ है। बताया जाता है कि शानू खान को प्रिंस खान की ओर से पूर्व में कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है। गोलीबारी की इस घटना के बाद प्रिंस खान के गिरोह की गतिविधियों को लेकर पुलिस जांच तेज हो गई है।

