नाबालिग किशोरी से मिलने पहुंचे दो किशोर, गांव में मचा हंगामा; ग्रामीणों ने तीनों को बांधकर मंगवानी चाही माफी, पुलिस ने छुड़ाया
कोडरमा। सदर थाना क्षेत्र के लोचनपुर गांव में सोमवार सुबह तीन नाबालिगों को लेकर जमकर हंगामा हो गया। रविवार देर रात दो नाबालिग किशोर एक नाबालिग किशोरी से मिलने उसके घर पहुंचे थे। सुबह इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। तीनों को एक साथ देखकर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि पिछले दो-तीन दिनों से किशोरों की इस तरह की आवाजाही देखी जा रही थी। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद कुछ लोगों ने तीनों नाबालिगों को गांव में घुमाया और बीच गांव में एक खंभे से बांध दिया। उनसे माफी मंगवाने का प्रयास भी किया गया।
मामले की सूचना मिलते ही कोडरमा सदर थाना की पुलिस लोचनपुर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के बीच से तीनों नाबालिगों को सुरक्षित बाहर निकाला और थाने ले आई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति शांत हुई।पुलिस ने स्पष्ट किया कि तीनों नाबालिग हैं, इसलिए उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की जा रही है। मामले में नियमानुसार काउंसलिंग और जांच की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी घटना को लेकर खुद कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। किसी नाबालिग को सार्वजनिक रूप से बांधना, घुमाना या दबाव बनाकर माफी मंगवाना कानूनन उचित नहीं है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

