घर की दहलीज पर कुएं में मिली नाबालिग की लाश, प्रेम प्रसंग की चर्चा से उठे कई सवाल…ऑनर किलिंग की आशंका
पलामू। घर से अचानक लापता हुई करीब 15 वर्षीय नाबालिग का शव बुधवार सुबह उसी के घर के परिसर में बने कुएं से मिलने के बाद पलामू के ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस लड़की की परिजन तलाश कर रहे थे, उसका शव घर की दहलीज पर स्थित कुएं में मिला। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने ऑनर किलिंग की आशंका जताई है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग किसी लड़के से मोबाइल फोन पर बातचीत करती थी। परिजनों को इसकी जानकारी थी। इसी बात को लेकर पहले भी उसे डांट-फटकार और मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद 14 सितंबर की शाम से वह लापता हो गई। परिजनों ने ऊंटारी रोड थाना पहुंचकर उसके लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए नाबालिग के कथित प्रेमी से भी पूछताछ की थी।
इसी बीच बुधवार सुबह उस समय परिवार में हड़कंप मच गया, जब घर के ही कुएं में नाबालिग का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही ऊंटारी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि नाबालिग आखिर घर से लापता होने के बाद उसी घर के परिसर स्थित कुएं तक कैसे पहुंची। पुलिस इसी बिंदु समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है।ऊंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष कुमार गिरी ने बताया कि नाबालिग का शव उसके घर के कुएं से बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा होने की आशंका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
प्रेम प्रसंग से लेकर हत्या या हादसे तक, हर एंगल की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग की मौत कुएं में गिरने से हुई या उसे किसी साजिश के तहत कुएं में डाला गया। कथित प्रेम प्रसंग, परिवार में पहले हुए विवाद और नाबालिग के लापता होने के बाद की परिस्थितियों को जांच का हिस्सा बनाया गया है।फिलहाल पुलिस ने मौत को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी। घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

