धनबाद में 16 पुलिस इंस्पेक्टरों का बड़ा फेरबदल, झरिया-केंदुआडीह समेत कई थानों के प्रभारी बदले
धनबाद। जिले की पुलिसिंग व्यवस्था में शुक्रवार को बड़ा फेरबदल किया गया। पुलिस विभाग ने कुल 16 पुलिस निरीक्षकों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फेरबदल में झरिया, केंदुआडीह और टुंडी जैसे महत्वपूर्ण थानों के अलावा विभिन्न पुलिस अंचलों, साइबर थाना, कोर्ट सुरक्षा और अभियोजन कोषांग में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गयी है।
जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार को अब केंदुआडीह थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय को झरिया थाना की कमान सौंपी गयी है। दोनों अधिकारियों की अदला-बदली जिले के महत्वपूर्ण थाना क्षेत्रों में हुई है।इसी तरह टुंडी अंचल निरीक्षक साजिद हुसैन को साइबर थाना भेजा गया है। पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन को टुंडी अंचल का पुलिस निरीक्षक बनाया गया है। केंदुआडीह अंचल निरीक्षक जय प्रकाश महतो को कोर्ट सुरक्षा प्रभारी की जिम्मेदारी दी गयी है। वहीं साइबर थाना में पदस्थापित राय सौमित्र पंकज भूषण को केंदुआडीह अंचल का पुलिस निरीक्षक बनाया गया है।
साइबर थाना प्रभारी रामजी राय को अब टुंडी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गयी है। वहीं टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर को साइबर थाना में पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा सरायढेला थाना से सदानंद सिंह, चिरकुंडा थाना से अर्जुन कुमार सिंह और तिसरा थाना प्रभारी प्रभात रंजन राय को भी साइबर थाना भेजा गया है।
साइबर अपराध से जुड़े मामलों के बढ़ते दबाव के बीच एक साथ कई पुलिस निरीक्षकों की साइबर थाना में तैनाती को महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। तबादले में साइबर थाना को भी विशेष प्राथमिकता दी गयी है।
चिरकुंडा अंचल के पुलिस निरीक्षक फागू होरो को अभियोजन कोषांग प्रभारी बनाया गया है। वहीं कोर्ट सुरक्षा प्रभारी संजय कुमार को चिरकुंडा अंचल का पुलिस निरीक्षक बनाया गया है।
जोड़ापोखर अंचल के पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा को साइबर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गयी है। जबकि साइबर थाना में पदस्थापित बबलू कुमार को जोड़ापोखर अंचल का पुलिस निरीक्षक बनाया गया है।इसके अलावा अभियोजन कोषांग प्रभारी मुकेश चौधरी को पुटकी थाना प्रभारी बनाया गया है।
इस तबादले के बाद जिले में थाना और अंचल स्तर पर पुलिसिंग की तस्वीर बदल जाएगी। खास तौर पर झरिया-केंदुआडीह, टुंडी, चिरकुंडा और जोड़ापोखर जैसे क्षेत्रों में नई कमान संभालने वाले अधिकारियों के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। वहीं साइबर थाना में कई अनुभवी निरीक्षकों की तैनाती से साइबर अपराध के मामलों की जांच और कार्रवाई को और गति मिलने की उम्मीद है।
धनबाद में यह फेरबदल ऐसे समय हुआ है, जब पुलिस प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था के साथ-साथ साइबर अपराध पर नियंत्रण और महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। जिले में वरीय पुलिस अधीक्षक के पद पर प्रभात कुमार पदस्थापित हैं।नई पदस्थापना के बाद अब अधिकारियों के योगदान के साथ जिले के विभिन्न थाना और अंचलों में पुलिसिंग की नई व्यवस्था प्रभावी होगी।

