झारखण्ड में विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर आरोप, विधानसभा थाना पहुंची पीड़िता; विधायक आवास में शोषण और गर्भवती होने का भी दावा

 

राँची। झारखण्ड की राजनीति में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिमडेगा जिले की रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म, धमकी और शारीरिक शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इस मामले में राँची के विधानसभा थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में विधायक के अलावा दो महिलाओं पर भी मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।

पीड़िता की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के मुताबिक, वह वर्ष 2026 के मई महीने तक सिमडेगा में रहती थी। इसी दौरान एमा बड़ा और जोसिमा खाखा नाम की महिलाएं उसे पढ़ाई-लिखाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ राँची ले आईं। आरोप है कि उसे विधायक भूषण बाड़ा के राँची स्थित विधानसभा आवास में रखा गया। शुरुआत में घर के कामकाज में लगाने के बाद उससे अन्य काम भी कराए जाने लगे।

विधायक आवास में शोषण और मारपीट का आरोप

लिखित शिकायत में नाबालिग ने आरोप लगाया है कि विधायक आवास में रहने के दौरान उसके साथ नौकरानी जैसा व्यवहार किया जाता था। देर से उठने, ठीक से काम नहीं करने और खाने-पीने को लेकर उसे गालियां दी जाती थीं। पीड़िता का आरोप है कि एमा बड़ा और जोसिमा खाखा उसे लगातार प्रताड़ित करती थीं। शिकायत में विधायक आवास में आने वाले दो अन्य लोगों पर भी अश्लील बातें करने और गलत नजर से देखने का आरोप लगाया गया है।

पीड़िता ने अपने आवेदन में दावा किया है कि 5 अगस्त 2026 को दोपहर के समय विधायक भूषण बाड़ा आवास पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने उसे जूता खोलने के लिए कहा। आरोप है कि जब उसने जूता खोलना शुरू किया तो उसके साथ जबरदस्ती की गई। विरोध करने पर उसका मुंह हाथ से बंद कर मारपीट की गई और चुप रहने के लिए धमकाया गया। नाबालिग ने आरोप लगाया है कि उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद उसे धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को इसकी जानकारी दी तो उसे मारकर फेंक दिया जाएगा।

तीन हजार रुपये देकर सिमडेगा भेजने का आरोप

शिकायत के अनुसार, घटना के अगले दिन पीड़िता बहाना बनाकर वहां से निकल गई और सिमडेगा चली गई। उसका आरोप है कि कई दिनों तक काम कराने के बावजूद उसे महज तीन हजार रुपये दिए गए। इसके बाद वह अपने गांव में रहने लगी।

गर्भवती होने का भी किया दावा

पीड़िता ने शिकायत में आगे बताया है कि सितंबर महीने में उसे अपनी शारीरिक स्थिति में बदलाव महसूस हुआ। बाद में उसे गर्भवती होने का पता चला। आवेदन के मुताबिक, 22 अक्टूबर को उसे तेज रक्तस्राव होने लगा। जब उसकी बहन डॉक्टर के पास जांच कराने पहुंची तो कथित तौर पर डॉक्टर ने बताया कि गर्भ में पल रहा बच्चा खराब हो चुका है। पीड़िता ने यह भी कहा है कि इस पूरे मामले की वजह से वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान है।

जान का खतरा बताते हुए मांगी सुरक्षा

नाबालिग ने अपने आवेदन में कहा है कि उसके पिता नहीं हैं और मां भी बचपन में उसे छोड़ चुकी हैं। ऐसे में वह खुद को असहाय महसूस कर रही है। उसका आरोप है कि विधायक प्रभावशाली और पैसे वाले व्यक्ति हैं, इसलिए उसे अपनी जान का खतरा है। उसने पुलिस से सुरक्षा देने, मामले में पॉक्सो एक्ट सहित उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने और कथित रूप से प्रताड़ित करने वाली महिलाओं के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है।फिलहाल इस मामले में नाबालिग के लिखित आवेदन में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

error: Content is protected !!