छठ महापर्व में आस्था के नाम पर मिलावट का खेल…. डालडा-पाम ऑयल और केमिकल से बन रहा था पूजा घी, पुलिस की छापेमारी में खुलासा

 

–नंदन देसी घी और सिंदूर स्वस्तिक ब्रांड के रैपर समेत भारी मात्रा में मिलावटी सामग्री बरामद, ताराटांड में देर रात हुई कार्रवाई

कोडरमा। छठ महापर्व में जहां घर-घर पूजा की तैयारी चल रही है, वहीं आस्था के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। डालडा, पाम ऑयल और केमिकल मिलाकर पूजा में इस्तेमाल होने वाला घी तैयार किया जा रहा था। इसकी गुप्त सूचना मिलने के बाद गुरुवार की रात खाद्य सुरक्षा विभाग और तिलैया पुलिस की संयुक्त टीम ने ताराटांड में छापेमारी कर कथित मिलावट के इस खेल का खुलासा किया।

टीम ने ताराटांड वार्ड नंबर 14 स्थित रवि श्रीवास्तव के घर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में डालडा, पाम ऑयल, केमिकल और घी तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई। जांच के दौरान यहां नंदन देसी घी और पूजा घी तैयार किए जाने की जानकारी मिली। इसके अलावा सिंदूर स्वस्तिक ब्रांड के रैपर और पैकेजिंग से जुड़ी अन्य सामग्री भी बरामद हुई।

 

रैपर पर ब्रांड, अंदर क्या था सामान!

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रसोई नंबर-1 ब्रांड के डालडा, पाम ऑयल और केमिकल को मिलाकर पूजा घी तैयार किया जा रहा था। तैयार उत्पाद को आकर्षक ब्रांडेड रैपर और स्टिकर के जरिए बाजार में खपाने की तैयारी थी। आशंका है कि इस तरह की पैकेजिंग से ग्राहक असली और नकली उत्पाद के बीच अंतर नहीं कर पाते।

गांवों तक पहुंचने की थी आशंका

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने बताया कि नकली घी तैयार किए जाने की सूचना पर टीम ने छापेमारी की है। मौके से बरामद सभी सामान जब्त किए जा रहे हैं और संबंधित व्यक्ति को नोटिस दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यहां पूजा के लिए घी तैयार किए जाने की बात सामने आई है। आशंका है कि इसकी खपत ग्रामीण इलाकों में पूजा-पाठ समेत अन्य कार्यों में हो सकती थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

पहले भी मिल चुकी है शिकायत

गौरतलब है कि ताराटांड और आसपास के इलाकों में नकली घी और डालडा तैयार किए जाने की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। इस बार छठ महापर्व के बीच हुई कार्रवाई ने खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छापेमारी में तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, एसआई पिंकी रानी सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।

error: Content is protected !!