निशा भगत केस में नया बवाल…पिता ने DSP अमर कुमार पांडे को SIT से हटाने की उठाई मांग, SSP को सौंपा ज्ञापन
–हांदू भगत का आरोप- गवाहों से पूछे जा रहे बेटी के चरित्र को लेकर आपत्तिजनक सवाल, जांच के नाम पर डराने-धमकाने का भी लगाया आरोप
राँची।आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत का मामला अब जांच टीम की कार्यशैली को लेकर भी गरमा गया है। निशा के पिता हांदू भगत ने एसआईटी की जांच पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए डीएसपी अमर कुमार पांडे को जांच टीम से तत्काल हटाने की मांग की है। गुरुवार को उन्होंने इस संबंध में राँची के एसएसपी को ज्ञापन सौंपा। पिता ने आरोप लगाया है कि जांच के नाम पर गवाहों को डराया-धमकाया जा रहा है और उनकी दिवंगत बेटी के चरित्र को लेकर आपत्तिजनक सवाल पूछे जा रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसी कार्यशैली से निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती है।
गवाहों से पूछे जा रहे शराब और गांजा सेवन से जुड़े सवाल!
हांदू भगत का आरोप है कि एसआईटी की पूछताछ के दौरान गवाहों से निशा के शराब और गांजा सेवन को लेकर सवाल किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि बेटी की मौत की जांच करने के बजाय उसके चरित्र को लेकर सवाल उठाना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएसपी अमर कुमार पांडे गवाहों पर दबाव बना रहे हैं। इसी आधार पर उन्होंने डीएसपी को एसआईटी से हटाने की मांग की है।
बिना सूचना घर पहुंचने और बयान के लिए दबाव बनाने का आरोप
पिता ने बताया कि दो दिन पहले डीएसपी अमर कुमार पांडे से फोन पर उनकी बातचीत हुई थी। उन्होंने तीन-चार दिन बाद बयान देने की बात कही थी।इसके बावजूद डीएसपी बिना पूर्व सूचना के उनके घर पहुंच गए।हांदू भगत का आरोप है कि घर में प्रवेश कर तलाशी ली गई और बयान देने के लिए दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि बेटी की मौत के बाद उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह कुछ समय बाद अपना बयान देना चाहते थे।
अजय तिर्की समेत चार लोगों की भूमिका की जांच की मांग
हांदू भगत ने मामले में नामजद अजय तिर्की के अलावा ज्योत्सना, दरोगा सतीश पांडे और बानो के पुष्कर बड़ा की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि निशा धर्मांतरण, जमीन विवाद और भू-माफियाओं के खिलाफ आवाज उठा रही थी। इसी वजह से उसकी मौत के पीछे साजिश होने की आशंका है।
वहीं, अजय तिर्की की ओर से भाजपा और आरएसएस की भूमिका को लेकर दिए गए बयान पर भी हांदू भगत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि अजय तिर्की खुद को बचाने के लिए इन संगठनों का नाम ले रहे हैं। उनके मुताबिक, निशा जमीन से जुड़े मामलों को उजागर करना चाहती थी।
CBI जांच से न्याय की उम्मीद
गौरतलब है कि 6 नवंबर को फेसबुक लाइव करने के बाद निशा भगत की मौत हो गई थी। इस मामले ने राज्यभर में राजनीतिक और सामाजिक हलचल पैदा कर दी है। परिजनों और विभिन्न संगठनों की मांग के बाद राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की अनुशंसा की है। अब पिता ने एसआईटी के एक अधिकारी को हटाने की मांग उठाकर जांच की निष्पक्षता पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। हांदू भगत की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

