सीसीएल के सीएसआर फंड से 1.14 करोड़ के मेडिकल उपकरण गायब: मुंबई की एजेंसी और ट्रस्टी डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह पर कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज
-चतरा के ग्रामीणों के इलाज के लिए 1.84 करोड़ की लागत से शुरू हुई थी ‘उपचार आपके द्वार’ योजना; एमओयू स्थगित होने पर एजेंसी ने लौटाई सिर्फ खाली मोबाइल मेडिकल वैन, 70.80 लाख की एआई एक्स-रे व 23.60 लाख की कैंसर जांच मशीन समेत कई उपकरण गायब
राँची।सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) परियोजना के तहत चतरा जिले के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए खरीदे गए 1 करोड़ 14 लाख 10 हजार 400 रुपये के अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के गबन के मामले में कोतवाली थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली गई है।सीसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर) सिद्धार्थ शंकर लाल की लिखित शिकायत पर पुलिस ने कार्यान्वयन एजेंसी आर. के. एचआईवी एड्स रिसर्च एंड केयर सेंटर, मुंबई और उसके अध्यक्ष-सह-प्रबंध न्यासी डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
1.84 करोड़ की परियोजना के लिए हुआ था एमओयू
शिकायत के अनुसार, चतरा के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ‘उपचार आपके द्वार- उन्नत नैदानिक सुविधाओं से युक्त 02 मोबाइल मेडिकल यूनिटों (एमएमयू) का संचालन’ परियोजना स्वीकृत की गई थी. इसके लिए 15 मई 2025 को सीसीएल मुख्यालय दरभंगा हाउस, रांची में सीसीएल और आर. के. एचआईवी एड्स रिसर्च एंड केयर सेंटर, मुंबई के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ था. इसके एवज में सीसीएल ने एजेंसी को दो किस्तों में लगभग 1.84 करोड़ रुपये का भुगतान किया. समझौते के तहत एजेंसी को दो मोबाइल मेडिकल यूनिट (वाहन संख्या MH 02 GH 8066 और MH 02 GH 8067) संचालित करनी थीं, जिनमें एआई-सक्षम पोर्टेबल एक्स-रे मशीन, टू लैब रियल टाइम माइक्रो पीसीआर सिस्टम और स्तन कैंसर जांच के लिए हाई-रिजॉल्यूशन थर्मल इमेजिंग जैसे महंगे उपकरण लगाए जाने थे. एजेंसी ने उपयोगिता प्रमाणपत्र (यूसी) सौंपकर इन उपकरणों की खरीद व स्थापना का दावा भी किया था।
गड़बड़ी मिलने पर स्थगित किया गया समझौता
निगरानी के दौरान परियोजना के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर सीसीएल ने स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इसके बाद सीसीएल ने 26 अक्टूबर 2026 को पत्र (संख्या CCL/SDCSR/2026-27/37) जारी कर एमओयू स्थगित कर दिया और दोनों मोबाइल मेडिकल यूनिटों को सभी उपकरणों सहित लौटाने का निर्देश दिया. एजेंसी ने दोनों वाहन चतरा स्थित सीसीएल के आम्रपाली चंद्रगुप्त क्षेत्रीय प्रबंधन को सुपुर्द किए, लेकिन जब क्षेत्रीय अधिकारियों की समिति ने भौतिक सत्यापन किया तो वाहनों से अधिकांश महंगे चिकित्सा उपकरण गायब मिले।
सत्यापन में उजागर हुआ 1.14 करोड़ का गबन
समिति की जांच और उपयोगिता प्रमाणपत्रों के मिलान से पता चला कि 23 लाख 60 हजार रुपये का स्तन कैंसर जांच हेतु हाई-रिजॉल्यूशन थर्मल सेंसर, 17 लाख 92 हजार रुपये का टू लैब रियल टाइम माइक्रो पीसीआर सिस्टम और 1 लाख 78 हजार 400 रुपये के कंप्यूटर, प्रिंटर व स्कैनर (कुल 43,30,400 रुपये) वाहनों में नहीं थे।इसके अलावा 6 अक्टूबर 2025 को परियोजना के उद्घाटन के समय एमएमयू में स्थापित पाई गई 70 लाख 80 हजार रुपये मूल्य की टीबी जांच वाली दो एआई-सक्षम पोर्टेबल एक्स-रे मशीनें भी हैंडओवर के वक्त गायब मिलीं. एजेंसी ने उपयोगिता प्रमाणपत्र में इन एक्स-रे मशीनों की खरीद राशि का उल्लेख नहीं किया था, हालांकि इनके सीएमसी शुल्क का खर्च जरूर दिखाया था. इस प्रकार कुल 1,14,10,400 रुपये के उपकरण सीसीएल को नहीं सौंपे गए।
नोटिस के बाद भी नहीं लौटाए उपकरण
सीसीएल प्रबंधन के अनुसार, एजेंसी ने 29 अक्टूबर 2026 को ईमेल के जरिए सात दिनों के भीतर उपकरण वापस करने का आश्वासन दिया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी उपकरण नहीं लौटाए गए. इसके बाद 7 नवंबर 2026 को पत्रांक 1068 के माध्यम से तीन दिनों के भीतर उपकरण और राशि लौटाने का अंतिम नोटिस दिया गया, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. सीसीएल ने इसे कंपनी की संपत्ति का बेईमानीपूर्वक गबन और आपराधिक न्यासभंग बताया है, जिसके आधार पर अब कोतवाली थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

