स्कूल से घर लौट रही 13 साल की छात्रा से दरिंदगी, उरीमारी में पांच आरोपी गिरफ्तार; सभी भेजे गए जेल
रामगढ़। उरीमारी ओपी क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में हजारीबाग भेज दिया गया। मामले का खुलासा उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में किया।पुलिस के अनुसार, घटना 8 सितंबर की शाम की है। नाबालिग छात्रा स्कूल से लौटने के बाद जरजरा जुबला स्थित अपनी सहेली के घर चली गई थी। शाम अधिक हो जाने पर सहेली ने अपने नाबालिग भाई से छात्रा को उसके घर छोड़ आने को कहा। इसके बाद सहेली का भाई तीन अन्य नाबालिग बच्चों के साथ छात्रा को घर पहुंचाने निकला।सभी बच्चे शॉर्टकट रास्ते से रेलवे ट्रैक के रास्ते छात्रा के घर जा रहे थे। इसी दौरान पांच युवकों की नजर उन पर पड़ी। आरोप है कि युवकों ने छात्रा के साथ मौजूद बच्चों को वहां से भगा दिया और नाबालिग छात्रा को अपने कब्जे में लेकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।घटना के बाद छात्रा के साथ मौजूद सहेली के भाई ने उसके परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद 9 सितंबर को पीड़िता और उसके परिजनों ने उरीमारी ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और संदेह के आधार पर पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके बाद सभी पांचों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और मामले में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। इसके अलावा पीड़िता का मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 164 के तहत बयान भी दर्ज कराया गया।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी उरीमारी क्षेत्र के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में डेडका टोला निवासी 30 वर्षीय शाहरुख सोरेन, जोजो टोला निवासी 22 वर्षीय सिकंदर टुड्डू, 26 वर्षीय तिवारी सोरेन, गैरवा टोला निवासी 23 वर्षीय विनोद मांझी और उरीमारी बस्ती निवासी 28 वर्षीय महेश पावरिया शामिल हैं।पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

