Ranchi:चोरी की बुलेट पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे दो शातिर गिरफ्तार, एक फरार, चेचिस नंबर की जांच में खुला फर्जीवाड़ा
राँची।राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र में आधी रात उपद्रव और मारपीट करने पहुंचे बदमाशों के एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे दो युवकों को रंगे हाथ दबोच लिया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार (24 वर्ष, निवासी सेक्टर 3 ए-टाइप कॉलोनी) और परविंद कुमार (27 वर्ष, निवासी डीटी 2140, धुर्वा) के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी विराट सिंह (19 वर्ष, निवासी डीटी 2700 के सामने, धुर्वा) की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। धुर्वा थाने के सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) नित्यानंद गोस्वामी द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार वे 9 और 10 सितंबर की दरमियानी रात सशस्त्र बल के जवान फिलिप कंडूलना और आईआरबी जवानों के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान रात करीब 1:45 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि टंकी साइड इलाके में कुछ युवक आपस में मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पीसीआर वाहन के साथ तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस जीप देखते ही भागने लगे, जवानों ने खदेड़कर पकड़ा
टंकी साइड पहुंचते ही पुलिस ने देखा कि एक ही बुलेट पर सवार होकर तीन युवक जा रहे हैं। सामने पुलिस को देखते ही तीनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर दो युवकों को धर दबोचा, जबकि तीसरा साथी विराट सिंह भागने में सफल रहा। पूछताछ के दौरान बाइक चला रहे अभिषेक और पीछे बैठे परविंद से जब गाड़ी के कागजात मांगे गए, तो वे टालमटोल करने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने जब बुलेट पर दर्ज रजिस्ट्रेशन नंबर (JH-01-CY-2146) का ऑनलाइन सत्यापन किया और गाड़ी के चेचिस नंबर से मिलान किया, तो दोनों में भारी अंतर पाया गया।
कबूला- चोरी की है बुलेट, बदला का खेल खेलने आए थे
सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों युवकों ने स्वीकार किया कि बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की है। पुलिस की नजरों से बचने के लिए वे उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूमते थे। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने इलाके के ही एक लड़के से मारपीट और विवाद निपटाने आए थे, लेकिन मौके पर अचानक पुलिस पहुंच गई। पुलिस टीम ने पकड़े गए दोनों आरोपियों की निशानदेही पर तुरंत फरार आरोपी विराट सिंह के घर पर भी छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला। पुलिस ने गवाहों के समक्ष चोरी की फर्जी नंबर लगी बुलेट को जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

