गांव की चाकूबाजी अस्पताल तक पहुंची, तीन की मौत; एक युवक पटना रेफर
छपरा। बिहार के सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। परसा परसागढ़ गांव में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते चाकूबाजी में बदल गया। इस घटना में चार लोग घायल हो गए। इसके बाद इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे घायलों के बीच दोबारा चाकूबाजी होने की बात सामने आई। इस पूरे घटनाक्रम में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, परसा परसागढ़ गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी, जिरतपुर पचुआ निवासी मुकेश कुमार, रमेश यादव और विवेक कुमार घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही फिर मचा बवाल
गांव में हुई चाकूबाजी के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए एकमा स्थित डॉ. एस कुमार के निजी अस्पताल में लाया गया। आरोप है कि अस्पताल परिसर में भी दोबारा चाकूबाजी हो गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से अस्पताल में अफरातफरी मच गई और मामला और गंभीर हो गया।
इलाज के दौरान तीन ने तोड़ा दम
चाकूबाजी में घायल अंकुर पटेल उर्फ धोनी की मौत एकमा के निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल मुकेश कुमार और रमेश यादव को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की भी मौत हो गई।मृतकों में अंकुर पटेल उर्फ धोनी, मुकेश कुमार और रमेश यादव शामिल हैं।
एक घायल की हालत नाजुक, पटना रेफर
घटना में घायल विवेक कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।
मामा के घर आया था अंकुर, विवाद ने ले ली तीन जानें
बताया जा रहा है कि अंकुर पटेल उर्फ धोनी अपने मामा के घर परसा परसागढ़ आया हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते चाकूबाजी शुरू हो गई। हालांकि, विवाद की असली वजह क्या थी और किन लोगों के बीच कहासुनी हुई थी, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में तनाव
घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। सदर एसडीपीओ-2 के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस गांव में हुई चाकूबाजी के साथ अस्पताल में दोबारा हुई घटना की भी जांच कर रही है।तीन लोगों की मौत के बाद परसा परसागढ़ और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान, विवाद की वजह और वारदात के पूरे घटनाक्रम को खंगाल रही है।

