राजधानी राँची के होटल-बार में देह व्यापार का खेल…. आधी रात पुलिस की रेड, 7 युवतियां समेत कई हिरासत में…
राँची। राजधानी राँची में होटल और बार की आड़ में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ा अभियान चलाया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली और लालपुर इलाके में पुलिस की विशेष टीमों ने आधा दर्जन से अधिक होटल और बार को खंगाला। कचहरी चौक के पास एक होटल में छापेमारी के दौरान पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक युवतियों समेत कई युवकों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।
होटल में कमरे बुक, अंदर चल रहा था कथित खेल
पुलिस को सूचना मिली थी कि कचहरी चौक के पास स्थित होटल में कमरे बुक कर संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने देर रात अचानक होटल में धावा बोला। रिसेप्शन से लेकर कमरों तक की जांच की गई और ठहरे लोगों का रिकॉर्ड खंगाला गया।कार्रवाई के दौरान पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं। मौके से मिले मोबाइल फोन और अन्य सामान को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अब मोबाइल और होटल की बुकिंग डिटेल के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि युवतियों को होटल तक कौन पहुंचाता था, ग्राहकों से संपर्क कैसे होता था और पैसों का लेन-देन किस तरीके से किया जाता था।
दलालों से लेकर होटल प्रबंधन तक जांच के घेरे में
पुलिस को इस पूरे मामले में कथित दलालों की भूमिका की भी आशंका है। जांच का दायरा होटल में मौजूद लोगों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस उन लोगों की भी पहचान कर रही है जो इस कथित नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
एएसपी कोतवाली निखिल राय ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। होटल के दस्तावेज, कमरों की बुकिंग और मोबाइल फोन से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कर रही है कि उसे इन कथित गतिविधियों की जानकारी थी या नहीं।
बार में शराब के साथ ‘लड़कियों’ का ऑफर?
इधर, पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर के कुछ होटल और बार में चल रही संदिग्ध गतिविधियां भी सवालों के घेरे में आ गई हैं। सूत्रों के अनुसार, शहर के कुछ बार में ग्राहकों को शराब के साथ युवतियों का कथित तौर पर ऑफर दिए जाने और इसके बदले मोटी रकम वसूले जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं।हालांकि, इन दावों की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं होटल-बार की आड़ में किसी संगठित नेटवर्क के जरिए ऐसी गतिविधियां तो संचालित नहीं की जा रही हैं।
कई होटल-बार पुलिस के रडार पर
कचहरी चौक स्थित होटल पर कार्रवाई के अलावा लालपुर इलाके के कई बार और अन्य ठिकानों की भी जांच की गई। संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ की गई है। पुलिस का कहना है कि अभियान का मकसद होटल और बार की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना है।फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और बरामद सामग्री की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस पूरे मामले के पीछे सिर्फ होटल स्तर की गतिविधि थी या इसके तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं।

