गुमला पुलिस की बड़ी कारवाई:5 लाख का इनामी JJMP सब-जोनल कमांडर समेत चार गिरफ्तार

गुमला में पुलिस का बड़ा शिकंजा, 5 लाख का इनामी JJMP सब-जोनल कमांडर समेत चार गिरफ्तार

AK-56, SLR, सेमी-ऑटोमेटिक राइफल, वॉकी-टॉकी और 8 मोबाइल बरामद; बड़ी वारदात की फिराक में था उग्रवादी दस्ता

गुमला। झारखण्ड में उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। डुमरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच लाख रुपये के इनामी JJMP सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा उर्फ रामदेव उरांव समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए उग्रवादी इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में घूम रहे थे।

गुप्त सूचना ने खोली उग्रवादियों की लोकेशन
पुलिस को इनपुट मिला था कि JJMP का सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा अपने दस्ते के साथ आकाशी और जयरागी गांव के आसपास सक्रिय है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से विशेष ऑपरेशन की रणनीति तैयार की और इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।घेराबंदी के दौरान सुरक्षा बलों ने रामदेव लोहरा समेत उसके तीन साथियों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके पास से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और संचार उपकरण बरामद किए।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
रामदेव लोहरा उर्फ रामदेव उरांव — पांच लाख का इनामी JJMP सब-जोनल कमांडर, ग्राम बींगड़ा, थाना लातेहार, जिला लातेहार।
अरविंद नायक — एरिया कमांडर, ग्राम कोने, थाना लातेहार, जिला लातेहार।
मुनेश्वर सिंह — ग्राम किटा मक्का, थाना जोबांग, जिला लोहरदगा।
जितेन्द्र लोहरा — JJMP का सक्रिय सदस्य, ग्राम उजरा, थाना डुमरी, जिला गुमला।

हथियारों का जखीरा बरामद
गिरफ्तार उग्रवादियों के कब्जे से सुरक्षा बलों ने कई अत्याधुनिक हथियार और संचार उपकरण बरामद किए हैं। इनमें AK-56 राइफल मैगजीन सहित, SLR राइफल, सेमी-ऑटोमेटिक राइफल, वॉकी-टॉकी और आठ मोबाइल फोन शामिल हैं।

बड़ी वारदात से पहले ही ध्वस्त हुआ मंसूबा
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ इनामी उग्रवादी रामदेव लोहरा की गिरफ्तारी हुई, बल्कि उसके दस्ते की गतिविधियों पर भी बड़ा प्रहार हुआ है। सुरक्षा बलों का मानना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से इलाके में संभावित बड़ी उग्रवादी घटना को टालने में सफलता मिली है।पांच लाख के इनामी कमांडर की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी को गुमला पुलिस की उग्रवाद विरोधी मुहिम में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

error: Content is protected !!