जेपीएससी के पूर्व सदस्य अजिता भट्टाचार्य के पीए को सीआईडी ने किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल

पूर्व सदस्य केपीए को सीआईडी ने किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल
रांची। जेपीएससी परीक्षा में हुई धांधली की जांच कर रही सीआईडी ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और अहम गिरफ्तारी की है। सीआईडी की टीम ने जेपीएससी की पूर्व सदस्य अजिता भट्टाचार्य के पीए (निजी सहायक) ब्रज कुमार राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी के बाद सीआईडी ने ब्रज कुमार राम को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में उसे बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (होटवार जेल) भेज दिया गया। जांच एजेंसी के अनुसार, ब्रज कुमार राम पर परीक्षा में सेटिंग कराने वाले अभ्यर्थियों से सीधे तौर पर अवैध रूप से पैसे वसूलने का गंभीर आरोप है। इस पूरे खेल का खुलासा पहले से गिरफ्तार टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी ने सीआईडी के समक्ष अपने स्वीकारोक्ति बयान में किया था। अभय तिवारी से मिले इनपुट्स और कड़ियों को जोड़ते हुए सीआईडी ने ब्रज कुमार राम पर शिकंजा कसा और सबूतों के आधार पर उसे धर दबोचा। मामले में पूर्व पदाधिकारियों और उनसे जुड़े स्टाफ की भूमिका सामने आने के बाद जांच एजेंसी अब वसूली नेटवर्क के अन्य संपर्कों की पड़ताल में जुटी है।

