दो सिपाहियों की शहादत का मुख्य आरोपी TSPC कमांडर गिरफ्तार, 12 साल बाद पुलिस के हाथ लगा लक्ष्मण गंझू

​चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी (TSPC) के एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोच्छु को गिरफ्तार कर लिया है। वह इसी साल अफीम विनष्टीकरण अभियान से लौट रहे पुलिस जवानों पर हुए हमले का मुख्य आरोपी था, जिसमें दो जवान शहीद हो गए थे। वारदात के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।

​पुलिस को खुफिया एजेंसियों के जरिए सटीक जानकारी मिली थी कि लक्ष्मण गंझू लावालौंग थाना क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव पारामातु में एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने आ रहा है। सूचना मिलते ही सिमरिया एसडीपीओ (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर नक्सली कमांडर को धर दबोचा।

​चतरा एसपी अनिमेष नैथानी के अनुसार, लक्ष्मण गंझू साल 2012 से ही नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था, लेकिन यह पहला मौका है जब वह पुलिस की गिरफ्त में आया है। उसके खिलाफ सदर और जोरी थाने में यूएपीए (UAPA) और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत तीन मामले दर्ज हैं।

error: Content is protected !!