खूंटी-सिमडेगा रोड पर रफ्तार का कहर: दो बाइकों की सीधी भिड़ंत, एक की मौत, तीन गंभीर

​खूंटी।जिले के खूंटी-सिमडेगा मार्ग मुरहू थाना क्षेत्र के कुंदी स्कूल के पास तेज रफ्तार का कहर ऐसा टूटा कि दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में चाईबासा निवासी दरगा क्लोण्डिया की मौके पर ही मौत हो गई।

​हादसा सिर्फ दो गाड़ियों की टक्कर भर नहीं था, बल्कि लापरवाही का एक भयावह मंजर था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें उड़कर सड़क किनारे जा गिरीं और उन पर सवार चारों युवक छिटककर दूर जा गिरे। चीख-पुकार के बीच सड़क पर वाहनों के पहिये थम गए।

​विडंबना यह रही कि युवकों के पास हेलमेट मौजूद था, लेकिन वह सिर पर ढाल बनने के बजाय बाइक पर सिर्फ टंगा रह गया। पुलिस की शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसे की इकलौती वजह अनियंत्रित और अंधाधुंध रफ्तार ही थी।

​घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राह से गुजर रहे सुरक्षा बलों के जवानों ने इंसानियत दिखाई। लहूलुहान पड़े घायलों समसोन हनी पूर्ति, दया सांगा और एक अज्ञात युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां जिंदगी और मौत के बीच उनकी जंग जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है, लेकिन यह हादसा एक बार फिर बड़ा सवाल छोड़ गया कि आखिर रफ्तार की यह होड़ और कितनी जिंदगियां लील लेगी?

error: Content is protected !!